Skip to main content

4thnation

छत्तीसगढ़ राज्य निर्माता अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर भाजपा जनों ने किया नमन

दुर्ग, 16 अगस्त 2025। भारत रत्न, छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माता और राजनीति के अजातशत्रु श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर शनिवार को दुर्ग जिला भाजपा कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने वाजपेयी जी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।

जिला भाजपा अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक ने भावुक संबोधन में कहा कि “अटल जी भारतीय राजनीति के भीष्म पितामह थे। उनके भाषणों में कविता और विचारों की गहराई झलकती थी। विपक्ष भी उनका सम्मान करता था। उन्होंने कभी भी देशहित से समझौता नहीं किया। हमें उनके राष्ट्रवादी विचारों को आत्मसात कर मां भारती की सेवा में अपना जीवन सार्थक बनाना चाहिए।”

दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर ने अटल जी को याद करते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में भारत ने पोखरण परमाणु परीक्षण जैसा साहसिक कदम उठाया, जिसने देश को वैश्विक मंच पर नई पहचान दिलाई। उन्होंने कहा कि अटल जी का जीवन हर भारतीय के लिए प्रेरणा है।

महापौर अलका बाघमार ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण की घोषणा अटल जी का ऐतिहासिक निर्णय था। उन्होंने राजनीति में आदर्श स्थापित करते हुए दिखाया कि सत्ता से बढ़कर मूल्य और नैतिकता होती है।

कार्यक्रम में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि अटल जी के आदर्शों और विचारधारा को अपनाकर ही देश और समाज का विकास संभव है।