Skip to main content

4thnation

नवा रायपुर का होगा चहुंमुखी विकास, सीएम बघेल ने भूमिपूजन कर कहा बसाहट में तेजी लाने किए जा रहे प्रयास

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने धनतेरस के अवसर पर नवा रायपुर अटल नगर के सेक्टर-24 में 591.75 करोड़ रु. की लागत से प्रस्तावित निर्माण कार्यो का भूमिपूजन किया। नई राजधानी की बसाहट में तेजी लाने के लिए यहां राजभवन, मुख्यमंत्री, विधानसभा अध्यक्ष, मंत्रीगणों के साथ गृह एवं वरिष्ठ अधिकारियों के आवास निर्मित किए जाएगें। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले यहां मुख्यमंत्री, विधानसभा अध्यक्ष, मंत्री परिषद के सदस्य और सभी वरिष्ठ अधिकारी रहेंगे, तो धीरे-धीरे शहर का बसाहट में तेजी आएगी। जिसके बाद छोटे अधिकारी कर्मचारी भी यहां बसेंगे, तो बाजार और अस्पताल भी विकसित होंगे। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों को धनतेरस पर्व की बधाई और शुभकामनाएं दी।

cm naya raipur 1

रायपुर (छत्तीसगढ़)। परिसर के भूमिपूजन के अवसर पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बताया कि नई राजधानी का शिलान्यास सोनिया गांधी ने वर्ष 2001 में किया था, तब से लेकर अब तक यहां हजारों करोड़ रुपए का पूंजी निवेश हुआ। सड़कें बन गयी, बिजली पानी की व्यवस्था भी हो गई लेकिन शहर अब तक नहीं बस पाया है। नई राजधानी की बसाहट में तेजी लाने के लिए पहले मंत्रियों और अधिकारियों के आवास की व्यवस्था कर पहले किए जाने का हमने फैसला किया है।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ चरणदास महंत ने कहा कि हम सब मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के गढ़वो नवा छत्तीसगढ़ के संकल्प को पूरा करने की दिशा में काम कर रहे हैं। गांव से लेकर नवा रायपुर राजधानी तक गढऩे का काम हम पूरा करेंगे। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य बने 19 बरस हो गए हैं लेकिन अब तक यहां निवेश की गई राशि का कितना उपयोग हुआ है, यह हम सब जानते हैं, धनतेरस के पावन अवसर पर आज नवा रायपुर में लगभग 591 करोड़ रुपए की इस परियोजना का भूमि पूजन किया गया है, जिससे यहां शहर बसे। लोक निर्माण मंत्री ताम्रध्वज साहू ने बताया कि इस आवासीय परियोजना को पूरा करने के लिए अधिकारियों की एक टीम गठित की गई है। जिसे समय सीमा और निर्माण कार्य की गुणवत्ता का ध्यान रखने के निर्देश दिए गए हैं। इस टीम के अधिकारी परियोजना के शुरू होने से लेकर इसके पूरा होने तक का कार्य करेंगे, जिससे उनकी जिम्मेदारी भी तय की जा सकेगी। उन्होंने कहा कि यह परियोजना निर्धारित समय सीमा में पूरी की जाएगी।