सांसद राहुल गांधी ने बिलासपुर से रायपुर तक का सफर ट्रेन से किया तय, यात्रियों से की चर्चा

बिलासपुर (छत्तीसगढ़)। छत्तीसगढ़ दौरे पर पहुंचे कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोमवार को ट्रेन में सफर किया। उन्होंने बिलासपुर से रायपुर तक 117 किलोमीटर तक का सफर किया। बिलासपुर में हुए कांग्रेस के आवास सम्मेलन में शामिल होने के बाद राहुल बिलासपुर से इंटरसिटी एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में सवार हुए।

वे शाम करीब पौने छह बजे रायपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे। इस दौरान ट्रेन में उनके साथ सीएम भूपेश बघेल और प्रभारी कुमारी सैलजा भी थीं। राहुल ने ट्रेन में सामान्य यात्रियों की तरह सफर किया और घूम-घूमकर लोगों से भी मिले और उनकी समस्याओं की जानकारी ली।

ट्रेन में वह आम लोगों के बीच बैठकर उनसे बातचीत करते हुए नजर आ रहे हैं। छत्तीसगढ़ में इस साल के अंत में विधानसभा का चुनाव होना है। माना जा रहा है कि चुनाव से पहले राहुल गांधी जनता के बीच जाकर लोगों की नब्ज टटोलने की कोशिश कर रहे हैं। 

Picsart 23 09 25 20 51 38 051

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कांग्रेस के आधिकारिक हैंडल से तस्वीर पोस्ट करते हुए बताया गया कि राहुल गांधी बिलासपुर से रायपुर जा रहे हैं। वहीं न्यूज एजेंसी एएनआई की ओर से पोस्ट किए गए एक वीडियो में राहुल गांधी ट्रेन की स्लीपर क्लास बोगी में यात्रियों के बीच नजर आ रहे हैं।
राहुल गांधी सोमवार को बिलासपुर जिले के तखतपुर विकासखंड के परसदा गांव में राज्य सरकार के आवास न्याय सम्मेलन कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे थे। वहां उन्होंने एक सभा को संबोधित किया। उसके बाद वह बिलासपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे और रायपुर जाने के लिए इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन पकड़ी।

Picsart 23 09 25 20 52 12 766

राहुल गांधी के साथ छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, पार्टी के प्रदेश प्रमुख दीपक बैज और अन्य नेता भी ट्रेन से सफर करते हुए नजर आए।