Skip to main content

4thnation

सड़क पर नशे में बेकाबू हुए प्रवासी, दो घंटे तक अफरातफरी… कोई रोक नहीं पाया!

बिलासपुर, 8 जून 2025।
बिलासपुर जिले के तलाई थाना क्षेत्र अंतर्गत बल्हसीणा बाजार के पास शनिवार दोपहर नशे में चूर प्रवासी लोगों के समूह ने सड़क पर हुल्लड़बाजी और मारपीट कर माहौल बिगाड़ दिया। इस घटना से करीब दो घंटे तक यातायात बाधित रहा और स्थानीय लोग, महिलाएं व बुजुर्ग भयभीत नजर आए।

घटना उस समय हुई जब दो पुरुष और एक महिला, शराब के नशे में पूरी तरह धुत होकर सड़क के बीचों-बीच लड़ने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तीनों ने एक-दूसरे से गाली-गलौज और हाथापाई शुरू कर दी। हंगामे की वजह से राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। नशे में धुत युवकों ने कई बार चलते वाहनों के सामने आकर हादसे की स्थिति पैदा कर दी।

स्थानीय लोगों ने समझाने का प्रयास किया, लेकिन नशे में चूर प्रवासियों ने उल्टा लोगों से झगड़ा करना शुरू कर दिया। इससे क्षेत्र की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। लोगों का कहना है कि प्रवासी लोगों की ओर से इस तरह की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं, जिससे समाज में डर और असुरक्षा का माहौल बन रहा है, खासकर महिलाओं और बच्चों में

स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है और बाजार तथा सार्वजनिक स्थलों पर पुलिस गश्त बढ़ाने की आवश्यकता जताई है।

पुलिस उपाधीक्षक चंद्रपाल सिंह ने बयान जारी करते हुए कहा कि, “सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हुल्लड़बाजी करने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। बल्हसीणा से फिलहाल ऐसी कोई सूचना नहीं मिली है, लेकिन जांच कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।