Skip to main content

4thnation

संत कबीर जयंती पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की बधाई, कहा – मानवता के मार्गदर्शक हैं कबीर साहेब

रायपुर, 11 जून 2025। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने 11 जून को संत कबीर साहेब जी की जयंती के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई दी है। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि संत कबीर न केवल एक महान संत थे, बल्कि वे समाज सुधारक और युग-प्रवर्तक भी थे, जिनकी वाणी आज भी जनमानस को प्रेरणा देती है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि संत कबीर साहेब जी ने एकता, प्रेम और सद्भावना का जो संदेश दिया, वह वर्तमान समय में भी उतना ही प्रासंगिक और मार्गदर्शक है। उनके अमूल्य दोहे और शिक्षाएं आज भी लोगों को सत्य, अहिंसा, दया और परोपकार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं।

उन्होंने कहा कि कबीरधाम से लेकर दामाखेड़ा तक उनके अनुयायी आज भी संत कबीर साहेब जी के विचारों को आत्मसात कर सामाजिक समरसता और भाईचारे की भावना को बढ़ावा दे रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा,

“संत कबीर साहेब ने हमेशा सामाजिक कुरीतियों और अंधविश्वासों पर प्रहार किया और मानवतावादी समाज की स्थापना का मार्ग दिखाया। आइए, हम सभी उनके विचारों को जीवन में अपनाकर एक सशक्त, एकजुट और समरस समाज की ओर अग्रसर हों।”