Skip to main content

4thnation

विष्णुदेव साय के सुशासन की छत्तीसगढ़ में चर्चा, बेरोजगारी दर में देशभर में 5वें स्थान पर पहुंचा राज्य

छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के बाद से मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में सुशासन की चर्चा पूरे देश में हो रही है। मौजूदा सरकार ने अपने अल्प कार्यकाल में कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं, जिनसे राज्य में आम जनता के जीवन में खुशहाली लौट आई है।

हाल ही में छत्तीसगढ़ ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। राज्य ने देश के सबसे कम बेरोजगारी दर वाले राज्यों में पांचवा स्थान प्राप्त किया है। राष्ट्रीय नमूना सर्वेक्षण संगठन (NSSO) के सर्वे के अनुसार, यह उपलब्धि राज्य सरकार द्वारा रोजगार सृजन के क्षेत्र में किए गए ठोस प्रयासों का नतीजा है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि, “हमारी सरकार ने युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर देने के लिए कई ठोस कदम उठाए हैं, खासतौर पर ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों में। इसके परिणामस्वरूप आज छत्तीसगढ़ बेरोजगारी दर के मामले में देश के बड़े राज्यों को भी पीछे छोड़ चुका है।”

मुख्यमंत्री साय के नेतृत्व में सरकार ने राज्य के युवाओं को बेरोजगारी से दूर करने के लिए बड़े पैमाने पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की है। इसके साथ ही, वनांचल क्षेत्रों में आदिवासियों और ग्रामीणों के लिए रोजगार सृजन पर विशेष ध्यान दिया गया है। कई वर्षों से रुकी हुई भर्तियों को बहाल कर युवाओं के बीच सरकार के प्रति विश्वास बढ़ाया गया है।

राज्य में भ्रष्टाचार के मामलों में भी कमी आई है, जिससे जनजीवन धीरे-धीरे पटरी पर लौट रहा है। युवा नई ऊर्जा के साथ अपने भविष्य की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं, और यही कारण है कि विष्णुदेव साय के सुशासन की चर्चा अब छत्तीसगढ़ के बाहर भी हो रही है।