Skip to main content

4thnation

रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने देखा “द साबरमती रिपोर्ट”, फिल्म को बताया सच्चाई उजागर करने का साहसिक प्रयास

रायपुर। बुधवार को रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने पीवीआर सिनेमा, मैग्नेटो मॉल में अपने परिवार और विधायक राजेश मूणत, मोतीलाल साहू, पूर्व सांसद सुनील सोनी समेत सैकड़ों समर्थकों के साथ “द साबरमती रिपोर्ट” फिल्म देखी। फिल्म देखने के बाद उन्होंने इसे 22 साल पहले हुए गोधरा कांड की सच्चाई उजागर करने का प्रभावशाली प्रयास बताया।

गोधरा कांड की सच्चाई सामने लाने का प्रयास
बृजमोहन अग्रवाल ने कहा, “फिल्म ‘द साबरमती रिपोर्ट’ 27 फरवरी 2002 को गुजरात के गोधरा स्टेशन के पास साबरमती एक्सप्रेस को जलाने की भयावह घटना के पीछे की सच्चाई को उजागर करती है। यह फिल्म न केवल उस घटना की वास्तविकता को सामने लाने का प्रयास करती है, बल्कि उस समय के सामाजिक और राजनीतिक गठजोड़ को भी बेनकाब करती है, जिसने सत्य को दबाने और झूठे नरेटिव फैलाने की कोशिश की थी।”

निर्देशक और टीम को सराहना
उन्होंने फिल्म के निर्देशक धीरज सरना और उनकी टीम को इस साहसिक प्रयास के लिए बधाई देते हुए कहा, “यह केवल एक फिल्म नहीं है, बल्कि यह घटना के पीड़ितों को न्याय दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।”

जनता से फिल्म देखने की अपील
सांसद ने जनता से अपील की कि वे इस फिल्म को जरूर देखें। उन्होंने कहा, “यह फिल्म हमें अतीत की त्रासदी से सीखने और भविष्य में एक बेहतर समाज के निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित करती है।”