Skip to main content

4thnation

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से केंद्रीय राज्यमंत्री रामदास अठावले की सौजन्य मुलाकात, सामाजिक योजनाओं पर हुई चर्चा

रायपुर, 01 जुलाई 2025:
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से आज मंत्रालय महानदी भवन में केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री श्री रामदास अठावले ने सौजन्य भेंट की। मुख्यमंत्री ने शॉल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत किया।

इस अवसर पर दोनों नेताओं के बीच सामाजिक और शैक्षणिक रूप से पिछड़े वर्गों, वृद्धजनों तथा दिव्यांगजनों के कल्याण हेतु राज्य में संचालित योजनाओं एवं उनके प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। मुख्यमंत्री श्री साय ने बताया कि छत्तीसगढ़ सरकार केंद्र प्रवर्तित योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने के लिए गंभीरता और संवेदनशीलता से कार्य कर रही है।

केंद्रीय राज्यमंत्री श्री अठावले ने राज्य सरकार के सामाजिक कल्याण प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार केंद्र की योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन में सक्रिय भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों के उत्थान के लिए संकल्पित और समर्पित भाव से कार्य करती रहेंगी।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ सरकार के वन मंत्री श्री केदार कश्यप भी उपस्थित थे।