Skip to main content

4thnation

मनरेगा के तहत दुर्ग जिले में रोजगार दिवस का आयोजन, ग्रामीणों को योजनाओं की दी गई विस्तृत जानकारी

दुर्ग, 09 जून 2025।
महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के अंतर्गत दुर्ग जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में आज रोजगार दिवस का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह के निर्देशन में एवं जिला पंचायत सीईओ श्री बजरंग कुमार दुबे के मार्गदर्शन में नियमित रूप से प्रतिमाह आयोजित किया जा रहा है। आयोजन का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को मनरेगा की योजनाओं और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक और सशक्त बनाना है।

डिजिटल तकनीकों की जानकारी

कार्यक्रम के दौरान जॉब कार्डधारी श्रमिकों को आधार आधारित भुगतान प्रणाली, एनएमएमएस ऐप, ई-एम.बी ऐप मास्टर एंट्री, और अन्य डिजिटल प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई। ग्रामीणों को बताया गया कि इन तकनीकों के जरिए वे अपनी मजदूरी का पारदर्शी और समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित कर सकते हैं।

जल संरक्षण और वृक्षारोपण पर फोकस

रोजगार दिवस में “मोर गांव मोर पानी” अभियान के तहत जल संरक्षण के उपायों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में रिचार्ज पिट, सोक पिट, डबरी, कुएं, नालियां जैसी संरचनाओं के निर्माण और वर्षा जल संग्रहण पर जोर दिया गया। साथ ही “एक पेड़ मां के नाम 2.0” अभियान के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक किया गया।

महिलाओं और किसानों के लिए विशेष जानकारी

कार्यक्रम में विशेष रूप से महिलाओं को मातृत्व भत्ता, गोदी योजना, श्रम कार्ड, आधार मैपिंग, तथा नवीन मजदूरी दर (₹261) के बारे में बताया गया। साथ ही 90 दिवस मजदूरी भुगतान योजना, जॉब कार्ड में नाम जोड़ने, लंबित भुगतान और आवास योजनाओं से संबंधित जानकारियाँ भी साझा की गईं।

व्यापक स्तर पर हुआ आयोजन

रोजगार दिवस का आयोजन जनपद पंचायत दुर्ग के ढाबा, नगपुरा, मतवारी, ननकट्टी, खपरी (कु.), उमरकोटी, पउवारा, अंजोरा (ख) में,
पाटन जनपद के सांतरा, कोटना, तरवाए, अकतई, तर्रा, टेमरी, ओदोगहन,
तथा धमधा जनपद के पथरिया (स), चेटुआ, बिरोदा ग्राम पंचायतों में किया गया।

इस दौरान ग्रामीणों की समस्याएं भी मौके पर सुनी गईं, और संबंधित अधिकारियों ने त्वरित समाधान किया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं में अधिकतम भागीदारी के लिए प्रेरित करना और स्वयं जागरूक बनाना रहा।