Skip to main content

4thnation

बीजापुर में पांच लाख की इनामी महिला समेत पांच नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण

बीजापुर: छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में पांच लाख रुपए की इनामी महिला नक्सली सहित पांच नक्सलियों ने सुरक्षाबलों के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गढ़चिरौली डिवीजन के अंतर्गत अहेरी एरिया कमेटी की सदस्य सुशीला उर्फ बुज्जी ने आत्मसमर्पण किया है, जिनके सिर पर पांच लाख का इनाम था। उनके साथ नक्सलियों सुखराम मोड़ियाम, सुददू कोरसा, लक्खू फरसा और सन्नू माड़वी ने भी आत्मसमर्पण किया।

पुलिस ने बताया कि इन नक्सलियों ने माओवादियों की भेदभावपूर्ण नीति और विचारधारा से क्षुब्ध होकर आत्मसमर्पण किया। राज्य सरकार की “नियद नेल्ला नार” (आपका अच्छा गांव) योजना से प्रेरित होकर उन्होंने आत्मसमर्पण का फैसला किया। आत्मसमर्पण करने वाले इन नक्सलियों पर पुलिस पर हमला, हत्या, और शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने जैसी कई गंभीर घटनाओं में शामिल होने का आरोप है।

राज्य सरकार की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति के तहत प्रत्येक नक्सली को 25-25 हजार रुपए नगद प्रोत्साहन राशि दी गई। बीजापुर जिले में इस वर्ष 2024 में अब तक कुल 185 माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया है, जबकि 411 माओवादियों को गिरफ्तार किया गया है। बीते दिनों नक्सलियों ने पुलिस के मुखबिर के शक में दिनेश नामक ग्रामीण की हत्या कर दी थी, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ था।