Skip to main content

4thnation

नक्सली समस्या से निपटने आदिवासी समाज प्रमुखों से किया जाए विमर्श : राज्यपाल

राज्यपाल सुश्री अनुसुईया उइके ने कहा है कि नक्सली समस्या का समाधान कैसे हो, इसके लिए एक कार्यशाला आयोजित की जाए, जिसमें अधिकारियों के साथ ही आदिवासी समाज के प्रमुखों को भी आमंत्रित किया जाना चाहिए।

60674DBC8ECCC25322C6A0DEBEC2DD0F
राज्यपाल सुश्री उइके का आदिवासी समाज प्रमुखों ने किया अभिनंदन

रायपुर (छत्तीसगढ़)। राज्य की नई राज्यपाल सुश्री अनुसुईया उइके से यहां राजभवन में सर्व आदिवासी समाज के प्रतिनिधिमण्डल ने पूर्व सांसद सोहन पोटाई के नेतृत्व में सौजन्य मुलाकात की। उन्होंने सुश्री उइके को छत्तीसगढ़ के राज्यपाल का पद ग्रहण करने पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी।
राज्यपाल सुश्री उइके ने सर्व आदिवासी समाज की ओर से पूरी आत्मीयता के साथ उनका स्वागत करने के प्रति धन्यवाद देते हुए कहा कि आदिवासी समाज की भावनाओं और अपेक्षाओं को पूरी करने के लिए यथा संभव प्रयास करेंगी। उन्होंने कहा कि नक्सली समस्या का समाधान कैसे हो, इसके लिए एक कार्यशाला आयोजित की जाए, जिसमें अधिकारियों के साथ ही आदिवासी समाज के प्रमुखों को भी आमंत्रित किया जाना चाहिए। राज्यपाल ने कहा कि आदिवासी क्षेत्रों के विकास के लिए आदिवासी सलाहकार परिषद की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि केन्द्र और राज्य सरकार द्वारा संचालित सभी योजनाओं का बेहतर लाभ जरूरतमंदों को मिले, इसके लिए आवश्यक प्रयास किया जाएगा। राज्यपाल ने सभी के सहयोग से छत्तीसगढ़ के विकास के लिए आवश्यक प्रयास करेंगी।
इस अवसर पर पूर्व केन्द्रीय मंत्री अरविंद नेताम ने आदिवासी बहुल छत्तीसगढ़ राज्य के लिए राज्य गठन के बाद पहली बार आदिवासी समाज से राज्यपाल के पद पर महिला को नियुक्त करने पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया। इसके साथ ही उन्होंने आदिवासी समाज की समस्याओं की ओर राज्यपाल का ध्यान आकृष्ट किया।