Skip to main content

4thnation

धान के आगे की सोच! केला-पपीता की खेती से रोहित बना मिसाल, सीएम ने खेत में जाकर की तारीफ़

बेमेतरा, 06 मई 2025। सुशासन तिहार के अंतर्गत मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज बेमेतरा जिले के ग्राम सहसपुर का दौरा करते हुए प्रगतिशील किसान श्री रोहित साहू के खेतों में पहुंचकर उनके नवाचार और मेहनत की खुले दिल से सराहना की। मुख्यमंत्री ने उन्हें छत्तीसगढ़ के किसानों के लिए “प्रेरणास्त्रोत” बताया।

श्री रोहित साहू पिछले 9 वर्षों से अपने खेतों में केला और पपीता की उन्नत खेती कर रहे हैं। वे 5 एकड़ में केले और साढ़े तीन एकड़ में पपीते की खेती कर प्रति एकड़ केला से डेढ़ लाख और पपीता से एक लाख रुपये का शुद्ध लाभ कमा रहे हैं। इसके साथ ही वे अपने खेतों में 15 से 20 लोगों को नियमित रोजगार भी उपलब्ध करा रहे हैं।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा, “छत्तीसगढ़ की धरती उर्वर है, अगर किसान धान के साथ-साथ दूसरी लाभकारी फसलों की ओर भी ध्यान दें, तो आय कई गुना बढ़ सकती है।” उन्होंने श्री साहू द्वारा उगाए ताजे केले और पपीते का स्वाद भी लिया, और इसे “कृषि में आत्मनिर्भरता की दिशा में बड़ा कदम” करार दिया।

मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार किसानों को वैकल्पिक और लाभकारी फसलों के लिए हरसंभव सहयोग देगी ताकि प्रदेश का हर किसान समृद्ध और आत्मनिर्भर बन सके। इस मौके पर क्षेत्रीय विधायक श्री ईश्वर साहू भी उपस्थित रहे।