4thnation

धर्मांतरण विवाद : साहू समाज उतरा मैदान में, कहा धर्म बदला है तो सरनेम भी बदले

राजनांदगांव (छत्तीसगढ़)। प्रदेश में धर्मांतरण मुद्दे पर रस्साकशी लगातार जारी है। अब राजनांदगांव में गुरुवार को प्रार्थना सभा के दौरान पहुंचे समाज विशेष के लोगों की उपस्थिति को लेकर हंगामा हो गया। इसको लेकर जमकर नारेबाजी की गई। हालांकि विवाद सिर्फ धर्मांतरण पर नहीं, सरनेम को लेकर था। आरोप है कि धर्म बदलने के बाद भी लोगों ने सरनेम नहीं बदला है। इसके चलते समाज भ्रमित हो रहा है। 

डोंगरगढ़ के ग्राम अछोली स्थित एक मकान में प्रार्थना सभा बुलाई गई थी। इसमें साहू और सर्व समाज के भी लोग पहुंचे थे। इसकी जानकारी साहू समाज के पदाधिकारियों को लगी तो वह भी पहुंच गए। थोड़ी ही देर में प्रार्थना सभा में हंगामा शुरू हो गया। नारेबाजी होने लगी। इसकी सूचना पुलिस को मिली तो वह भी पहुंच गई। किसी तरह दोनों पक्षों को समझाकर शांत कराया गया। 

साहू समाज के नगर अध्यक्ष वीरेंद्र साहू का कहना है कि प्रार्थना सभा में साहू समाज के लोगों के होने की जानकारी मिली थी। यहां पहुंचे तो पता चला कि आधे से ज्यादा साहू समाज के लोग थे। उन्होंने कहा कि किसी भी धर्म को स्वीकार करें। हमें आपत्ति नहीं है। अपना सरनेम क्यों नहीं बदल रहे। इसके चलते समाज को धक्का लग रहा है। सनातन धर्म में नहीं होकर भी यह लोग बरगलाने का काम कर रहे हैं। 

डोंगरगढ़ थाना प्रभारी सुरेंद्र स्वर्णकार ने बताया कि ग्राम अछोली में महेश्वर साहू के मकान में एक प्रार्थना सभा हो रही थी। इसमें कई समाज के लोग उपस्थित थे, जिसकी जानकारी समाज प्रमुखों को लगी और मौके पर पहुंचे। दोनों ही पक्षों में बातचीत की गई है और समाज प्रमुखों द्वारा धर्मांतरण को लेकर लिखित शिकायत पुलिस को प्राप्त हुई है। पूरे मामले की जांच की जाएगी। जो भी तथ्य निकलकर सामने आते हैं उस पर आगे की कार्यवाही की जाएगी।