Skip to main content

4thnation

दुर्ग संभाग स्तरीय छत्तीसगढ़िया ओलंपिक का मंत्री ताम्रध्वज साहू ने किया आगाज, बताया ग्राम पुरई में जल्द स्थापित होगी खेल अकादमी

दुर्ग (छत्तीसगढ़)। छत्तीसगढ़ के पारंपरिक ग्रामीण खेलों को बढ़ावा देने राज्य सरकार द्वारा छत्तीसगढ़िया ओलंपिक खेल का आयोजन किया जा रहा है। वर्ष 2023-24 में 17 जुलाई हरियाली त्यौहार से ग्राम पंचायत स्तर से छत्तीसगढ़िया ओलंपिक का प्रारंभ किया गया है। आज संभाग स्तरीय छत्तीसगढ़िया ओलंपिक का शुभारंभ दुर्ग जिले के ग्राम पुरई स्कूल प्रांगण में हुआ। इस तीन दिवसीय आयोजन में संभाग के दुर्ग, राजनांदगॉव, बालोद, बेमेतरा, कबीरधाम, मानपुर-मोहला अंबागढ़ चौकी और खैरागढ़ सहसपुर गंढई जिला के 2 हजार 686 प्रतिभागी खिलाड़ी संभागीय प्रतियोगिता में भाग ले रहे हैं।

जिसमें गिल्ली- डंडा, पिट्टूल, संखली, लंगड़ी दौड़ (लंगरची), कबड्डी, खो-खो, रस्साकसी, बांटी, बिल्लस, फुगड़ी, गेड़ी दौड़, भौरा, 100 मीटर दौड़ एवं लम्बीकूद , कुश्ती एवं रस्सीकूद शामिल है। इन खेलों में तीन आयु वर्ग 0-18, 18-40 एवं 40 महिला/ पुरूष आयु वर्ग के प्रतिभागी भाग लेंगे।

Picsart 23 09 15 18 12 20 160

शुभारंभ समारोह के मुख्य अतिथि गृह मंत्री साहू ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश सरकार के मुखिया मुख्यमंत्री भुपेश बघेल का कहना है कि सर्वहारा वर्ग के विकास को ध्यान में रखकर विकास के पैमाने तय करना है। उन्होंने कहा कि इसी के आधार पर राज्य सरकर अधोसंरचनात्मक विकास के साथ यहां के संस्कृति को पूर्नजीवित करने और पारंपरिक ग्रामीण खेलों को बढ़ावा देने छत्तीसगढ़िया ओलंपिक के माध्यम से पारंपरिक खेल प्रतिभाओं को आगे लाने का प्रयास कर रही है। गृह मंत्री साहू ने छत्तीसगढ़िया ओलंपिक में शामिल अन्य जिलों के खिलाड़ियों को अवगत कराया कि दुर्ग जिले के पुरई को खेलगांव के नाम से जाना जाता है। यहां की खेल प्रतिभाओं ने राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है।

Picsart 23 09 15 18 08 07 252

गृह मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री ने ग्राम पुरई के खिलाड़ियों की भावना को ध्यान में रखते हुए यहां पर खेल अकादमी बनाने की सहमति दी है। गृहमंत्री श्री साहू ने प्रतिभागी खिलाड़ियों को उनके उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी। संभाग स्तरीय छत्तीसगढ़िया ओलंपिक के शुभारंभ अवसर पर संभागायुक्त जे.पी. पाठक ने स्वागत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने आयोजन के उद्देश्यों को रेखांकित किया।

नगर निगम भिलाई -चरौदा के महापौर निर्मल कोसरे ने भी कार्यक्रम को सम्बोधित किया। उन्होंने प्रतिभागी खिलाड़ियों से खेल को खेल भावना से खेलने की अपील की। इस अवसर पर नगर निगम रिसाली की महापौर शशि सिन्हा, जिला पंचायत की अध्यक्ष  पुष्पा यादव,जनपद उपाध्यक्ष झमीत गायकवाड़ एवं अन्य जनप्रतिनिधि तथा शिक्षा और खेल विभाग के अधिकारी, शिक्षकगण एवं प्रतिभागी खिलाड़ी उपस्थित थे।