Skip to main content

4thnation

छत्तीसगढ़ में धूमधाम से मनाई जाएगी गोवर्धन पूजा, बैंक और सरकारी कार्यालय रहेंगे बंद

छत्तीसगढ़ में दिवाली के बाद गोवर्धन पूजा का त्योहार बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है। विशेष रूप से गांवों में इस दिन का अलग ही उल्लास देखने को मिलता है, वहीं शहरों में भी प्रत्येक घर में गायों की पूजा की जाती है। गायों को खिचड़ी और मिश्रित सब्जियों का भोग लगाया जाता है और फिर उसी खिचड़ी को प्रसाद के रूप में बांटा जाता है।

राज्य के सामान्य प्रशासन विभाग ने गोवर्धन पूजा के अवसर पर सार्वजनिक अवकाश की घोषणा की है, जिसके चलते सभी कोषालय और बैंक बंद रहेंगे। दिवाली की छुट्टियां 28 अक्टूबर से 2 नवंबर तक चलेंगी, जिसके दौरान अधिकांश सरकारी विभाग भी बंद रहेंगे।

गोवर्धन पूजा को अन्नकूट के नाम से भी जाना जाता है और इस दिन भगवान श्रीकृष्ण, गोवर्धन पर्वत और गौ माता की पूजा की जाती है। लोग अपने घरों के आंगन को गोबर से साफ करते हैं और गोबर से पर्वत जैसी आकृति बनाकर उसकी पूजा करते हैं। इसके बाद भगवान कृष्ण को कई तरह के व्यंजनों का भोग अर्पित किया जाता है और विशेष रूप से गायों का पूजन कर उन्हें खिचड़ी खिलाई जाती है।