Skip to main content

4thnation

छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक : दुर्ग में संभागीय स्तरीय खेलों का 10 व 11 दिसंबर को ग्राम पुरई में होगा आयोजन

दुर्ग (छत्तीसगढ़)। दुर्ग जिले के ग्राम पुरई में 10 एवं 11 दिसबंर 2022 को प्रातः 10 बजे से संभाग स्तरीय छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक 2022-23 का आयोजन किया जायेगा। जिसमें छत्तीसगढ़ में खेले जाने वाले खेल गिल्ली-डंडा, पिट्टूल, संखली, लंगड़ी दौड़ (लंगरची), कबड्डी, खो-खो, रस्साकसी, बांटी, बिल्लस, फुगड़ी, गेड़ी दौड़, भौरा, 100 मीटर दौड़ एवं लम्बीकूद का आयोजन नियमानुसार होगा।

छ.ग. शासन, खेल एवं युवा कल्याण विभाग से प्राप्त दिशा-निर्देश अनुसार 17 नवंबर को सायं 4 बजे बैठक हुई। जिसमें आयोजन के सफल संचालन के लिए संयुक्त संचालक, शिक्षा दुर्ग संभाग दुर्ग को नोडल अधिकारी तथा जिला खेल अधिकारी, दुर्ग को सहायक नोडल अधिकारी बनाया गया। जिनके मार्गदर्शन में खेल अधिकारी एवं संबंधित विभाग के अन्य अधिकारी/कर्मचारीगण संभाग स्तरीय छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक 2022-23 की सम्पूर्ण व्यवस्था यथा स्टेज एवं माईक की व्यवस्था, प्रतिभागी के जलपान एवं खाने की व्यवस्था, ठहरने की व्यवस्था, आयोजन स्थल पर पर्याप्त पानी, चलित शौचालय की व्यवस्था, विद्युत व्यवस्था, बैठक व्यवस्था, आमंत्रण कार्ड की छपाई, माननीय मंत्री, सांसद, विधायक, जिला पंचायत एवं जनपद पंचायत के अध्यक्ष, जनप्रतिनिधियों, पत्रकारों, गणमान्य नागरिकों को आमंत्रण पत्र का वितरण एवं उनके बैठक की व्यवस्था तथा प्रतिभागी के चयन एवं उनके पुरूस्कार की व्यवस्था के साथ ही अन्य आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गये ।

बैठक संभागायुक्त महादेव कावरे की अध्यक्षता में आयोजित की गई। जिसमें कलेक्टर, जिला दुर्ग, पुलिस महानिरीक्षक, दुर्ग के प्रतिनिधि, संयुक्त संचालक, शिक्षा दुर्ग संभाग, खेल अधिकारी, शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय, दुर्ग सहायक खेल अधिकारी, दुर्ग एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।