Skip to main content

4thnation

कोरोना से सुरक्षा : वृद्धाश्रम के बुजुर्गों को दिया गया वैक्सीनेशन का पहला डोज

दुर्ग (छत्तीसगढ़)। समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित वृद्धाश्रम के रहवासियों को आज कोविड वैक्सीनेशन का प्रथम डोज जिला अस्पताल में लगाया गया। इस दौरान समाज कल्याण विभाग की सचिव शहला निगार तथा संचालक पी. दयानंद भी उपस्थित थे। उन्होंने जिला अस्पताल में वृद्धजनों से हालचाल पूछा। जिला अस्पताल में आज कुल 55 लागों का टीकाकरण किया गया। इस दौरान अपर कलेक्टर बीबी पंचभाई, विभाग के संयुक्त संचालक पंकज वर्मा, उप संचालक समाज कल्याण ठाकुर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

सचिव ने किया आश्रम का अवलोकन
जिले में समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित पुलगांव स्थित वृद्धाश्रम का विभाग के सचिव ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वहां रह रही वृद्धा पुष्पा साहू (68 वर्ष) तथा ग्यासी देवी (80 वर्ष) से मुलाकात कर उनका हालचाल पूछा। ग्यासी देवी ने बताया कि पाचन संबंधी तकलीफ रहती है। वहीं पुष्पा साहू ने बताया कि उन्हें हृदय रोग है तथा इसका उपचार चल रहा है। सचिव ने वहां मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों से कहा कि इलाज के किसी चरण में यदि सर्जरी की जरूरत पड़े तो इसकी आवश्यक व्यवस्था करें। उन्होंने कहा कि सभी बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दें। नियमित रूप से मेडिकल चेकअप कराते रहें। सचिव ने कहा कि बुजुर्गों के मनोरंजन का पूरा ख्याल रखें। उनकी अवस्था के मुताबिक खानपान पर विशेष ध्यान दें। कोरोना संक्रमण की स्थिति को देखते हुए मास्क का उपयोग और साफ सफाई जैसी व्यवस्था हमेशा पुख्ता रहे। समय-समय पर मेडिकल चेकअप कराते रहें। गार्डन और बेहतर करें ताकि सुबह-शाम मनोरंजन के लिए इन्हें अच्छी जगह मिल सके।