Skip to main content

4thnation

कोंडागांव में मक्का से बनेगा एथेनॉल, किसानों को मिलेगा लाभ, होंगे समृद्ध : मुख्यमंत्री भूपेश बघेल

जगदलपुर (छत्तीसगढ़)। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कोंडागांव में आयोजित आमसभा में कहा कि पहले किसान सस्ते में मक्का बेच देते थे, लेकिन अधिकांश समय मक्के को समर्थन मूल्य से 400-500 कम में बेचते थे। इसे ध्यान में रखते हुए हमने एथेनॉल प्लांट की स्थापना करवाई।

पिछले समय जब राहुल गांधी जी आए थे, उसे समय मक्का प्रोसेसिंग प्लांट का शिलान्यास हमने किया था और शुरुआत हुई बीच में कोरोना काल आया, कुछ समस्याएं आई। हमने स्थिति की समीक्षा की फिर हमने इसे एथेनॉल प्लांट में बदल दिया ताकि सीधा किसानों को लाभ मिल सके। इधर किसान मक्का बेचे और उसके खाते में पैसा जाए। मक्का से प्रोसेसिंग शुरू हो और एथेनॉल सीधा पेट्रोल टंकी में जाए ताकि वहां का पैसा किसानों को मिलता रहे।

आज जो 48000 हजार किसानों की समिति बनी है। यह समिति कभी घाटे में मत हो, हमारा यही प्रयास है। प्रदेश का पहला प्रोसेसिंग एथेनॉल प्लांट यहां बना है। हमारी सरकार लगातार आप सभी को समृद्ध करने की दिशा में काम कर रही है।

हम न्याय योजनाओं के जरिए आप सभी के जेब में पैसे डालने का काम कर रहे हैं। जब कोरोना काल था, उसी समय तेंदूपत्ता, वनोपज, मक्का खरीदी का समय था, हमने जनहित में ये निर्णय किया कि हम समर्थन मूल्य में खरीदी करेंगे और हमने पूरे कोरोना काल में खरीदी जारी रखी। मैं आप के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यों के लिए आप सभी को बहुत बहुत बधाई देता हूं।

Picsart 23 09 24 18 07 38 908

बता दें मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज मक्का प्रसंस्करण इकाई के लिए मक्का खरीदी की शुरुआत की। इसे कोंडागांव के कोकोड़ी में स्थापित किया गया है। यहां करीब 141 करोड़ रुपए की लागत से बन रहा है मक्का आधारित इथेनॉल संयंत्र। मक्के की खरीदी संयंत्र के ट्रायल एंड टेस्टिंग के लिए आज से शुरू हो रही है।

इस संयंत्र में रोजाना 80 हजार लीटर इथेनॉल का उत्पादन होगा। जिसके लिये प्रतिदिन 210 टन मक्के की जरुरत होगी। इससे आयल कंपनियों को प्लांट में निर्मित इथेनॉल की आपूर्ति होगी और मक्का खरीदी से क्षेत्र के 45 हजार से अधिक किसान लाभान्वित होंगे।

कोंडागांव में की गई घोषणाएं
1. लिंगई माता मंदिर सीढ़ी में शेड निर्माण।
2. माकड़ी ब्लॉक के हायर सेकेण्डरी स्कूल क्षमतापुर में भवन की स्वीकृति।
3. माकड़ी ब्लॉक के हायर सेकेण्डरी स्कूल लुभा में भवन की स्वीकृति।
4. कोण्डागांव नगर पालिका क्षेत्र में सब्जी मंडी का निर्माण।
5. कोण्डागांव विकासखण्ड के ग्राम पंचायत मालाकोट में मिनी स्टेडियम ।
6. कोण्डागांव ब्लॉक के ग्राम पंचायत डोंगरीगुड़ा में मिनी स्टेडियम ।
7. कोण्डागांव में देवांगन एवं सतनामी समाज के लिए भवन निर्माण की घोषणा।