छत्तीसगढ़ की राजधानी में निकली भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा, सीएम बघेल ने की बुहारना की रस्म अदा

रायपुर (छत्तीसगढ़)। पुरी की विश्व प्रसिद्ध रथ यात्रा के साथ-साथ आज छत्तीसगढ़ में भी भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा निकाली गई। राजधानी रायपुर में भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा में शामिल होने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल शहर के प्रसिद्ध गायत्री नगर स्थित जगन्नाथ मंदिर पहुंचे। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने यहां छेरापहरा यानी रथ के आगे सोने से बनी झाड़ू से बुहारना(झाड़ू लगाने) की रस्म अदा की।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जगन्नाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। वे प्रतिमाओं को सिर पर विराजित करके रथ तक लेकर आए। मुख्यमंत्री ने रथयात्रा से पहले छेरापहरा (रथ के आगे सोने से बनी झाड़ू से बुहारना) की रस्म अदा की। इस रस्म को प्राचीन समय में राजा-महाराजा निभाते थे।

Picsart 23 06 20 20 52 50 185

राज्यपाल भी रथयात्रा महोत्सव में हुए शामिल
इस अवसर पर राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन भी आज गायत्री नगर रायपुर स्थित जगन्नाथ मंदिर में आयोजित जगन्नाथ महाप्रभु के रथ यात्रा महोत्सव में शामिल हुए। उन्होंने भगवान जगन्नाथ की पूजा अर्चना कर देश एवं प्रदेशवासियों की सुख समृद्धि की कामना की एवं भगवान के प्रथम सेवक के रूप में छेरा-पहरा की रस्म निभाई।