Skip to main content

4thnation

स्वास्थ्य मंत्री सिंहदेव ने लगाया राज्यसभा भेजे जाने की अटकलों पर विराम, कहा छत्तीसगढ़ में ही करूंगा काम

रायपुर (छत्तीसगढ़)। स्वास्थ मंत्री टीएस सिंहदेव ने दिल्ली से वापस रायपुर लौटते ही बड़ा बयान दिया है। उन्होंने राज्यसभा के चुनाव के साथ-साथ अपने राजनीतिक कैरियर को लेकर बयान दिया है। स्वास्थ्य मंत्री ने राज्यसभा भेजे जाने के अटकलों पर विराम लगाते हुए कहा कि मैं छत्तीसगढ़ में काम करूंगा, नहीं तो घर बैठूंगा। वहीं उन्होंने कहा कि मैं तो 50 साल से खेल रहा हूं। इतने में तो रिटायरमेंट के बारे में सोचना चाहिए, लेकिन हाथ पांव में लगता है अभी ताकत है। जब तक जैसे जिम्मेदारी मिलेगी खेलता रहूंगा।
बता दें कि छत्तीसगढ़ की दो राज्यसभा सीटों के लिए जून में चुनाव होना है। छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष डॉ चरणदास महंत ने पहले ही राज्यसभा के लिए अपनी दावेदारी पेश कर दी है, जिसके बाद बाकी के स्थानीय नेताओं की नजर दूसरी सीट पर थी। लेकिन अब संभावना जताई जा रही है कि एक सीट पर स्थानीय नेता और दूसरी सीट से किसी राष्ट्रीय नेता को राज्यसभा भेजा जाएगा।
राजनीतिक जानकारों के अनुसार इन सीटों को लेकर भीतरखाने लोकल नेताओ में डॉ. चरणदास महंत , टी एस सिंहदेव, ताम्रध्वज साहू, राजेश तिवारी, धनेन्द्र साहू का नाम और केंद्रीय नेताओं में कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी, कपिल सिब्बल, पी. चिदंबरम के नामों की चर्चा है।