Skip to main content

4thnation

राहुल गांधी को गुजरात हाईकोर्ट से राहत नहीं, छत्तीसगढ़ में सीएम बघेल के नेतृत्व में कांग्रेस ने दिया धरना

रायपुर (छत्तीसगढ़)। गुजरात हाईकोर्ट ने शुक्रवार को मोदी सरनेम केस में राहुल गांधी को राहत नहीं दी है। कोर्ट ने 2 साल की सजा पर रोक लगाने से इनकार कर दिया। जिसके बाद अब छत्तीसगढ़ में कांग्रेस नेताओं ने सभी कार्यक्रमों को निरस्त करके राहुल के समर्थन में धरने पर बैठ गए।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव और पीसीसी अध्यक्ष मोहन मरकाम समेत तमाम कांग्रेसी नेता रायपुर के अंबेडकर चौक पहुंचकर धरना प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज बूथ चलो अभियान के तहत सामुदायिक भवन भाठागांव, रंग मंदिर बैजनाथ पारा और वृंदावन हॉल के कार्यक्रम में शामिल होने वाले थे। इसके अलावा टीएस सिंहदेव और मोहन मरकाम भी कई कार्यक्रमों में शामिल होने वाले थे लेकिन सभी कार्यक्रम रद्द करके धरना प्रदर्शन किया गया।

मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि अंग्रेज केवल महात्मा गांधी से डरते थे बीजेपी राहुल गांधी से डर रही है। अंग्रेज और बीजेपी दोनों फूट डालो राज करो की नीति पर चल रहे हैं। बीजेपी के लोग डरे हुए हैं। सच का सामना नहीं कर सकते। राहुल गांधी सच की बात करते हैं, ईमान की बात करते हैं। अब तो लोकसभा से भी सदस्यता समाप्त हो गई है फिर भी ये डर रहे हैं। राहुल गांधी ने भारत जोड़ने का काम किया। उन्होंने सच्चाई के साथ लड़ाई लड़ी। कन्याकुमारी से लेकर श्रीनगर तक हर जगह राहुल गांधी के साथ लोग थे। आज देशभर में सबसे लोकप्रिय नेता राहुल गांधी हैं। कश्मीर में सबसे प्रिय नेता राहुल गांधी हैं। कश्मीर में फोर्स ने रोका फिर भी नहीं रुके।

टीएस सिंहदेव ने कहा है कि हाईकोर्ट के फैसले से कांग्रेस न तो सहमत है और न ही संतुष्ट हैं। देश में न्याय प्रणाली के तहत जो रास्ते हैं वो अपनाएंगे।