Skip to main content

4thnation

राज्य सरकार की योजनाओं से गरीबों के घर में हो रहा अंजोर : मुख्यमंत्री भूपेश बघेल

Picsart 22 12 28 20 20 32 943

रायपुर (छत्तीसगढ़)। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज बेमेतरा विधानसभा के विकासखंड बेरला के ग्राम कठिया (रांका) में भेंट-मुलाकात कार्यक्रम में आम जनता को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार की योजनाओं से गरीबों के घर में अंजोर हो रहा है। गोधन न्याय योजना, राजीव गांधी किसान न्याय योजना, सुराजी गांव योजना, राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना, हाट बाजार क्लिनिक योजना से आम लोगों को लाभ हो रहा है। बघेल ने कहा कि हमारी सरकार का उद्देश्य आम आदमी के आय में वृद्धि करना है। योजनाएं इसी उदेश्य को ध्यान में रखकर बनाई जा रही हैं। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार अन्नदाता किसान के साथ है। हमारी सरकार ने किसानों के लिए राजीव गांधी किसान न्याय योजना लागू की। किसानों को इसकी चौथी किस्त 31 मार्च को मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों को धान का मूल्य सबसे ज्यादा दे रही है। वादा 25 सौ का था लेकिन समर्थन मूल्य और इनपुट सब्सिडी को मिलाकर हम किसानों को 2640 और 2660 रुपए प्रति क्विंटल दे रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की सुविधा के लिए धान खरीदी को आसान बनाया गया है। ऑनलाइन टोकन की व्यवस्था की गई हैं।

मुख्यमंत्री बघेल भेंट-मुलाकात में जब आम जनता से राज्य सरकार की योजनाओं पर फीडबैक ले रहे थे, तब आनंद गांव की रहने वाली लक्ष्मी बंजारे ने बताया कि उनके समूह जय स्व-सहायता समूह ने गौठान से जुड़कर वर्मी कंपोस्ट जैविक खाद बनाया। जिसे बेचकर अब तक 10 लाख 14 हजार रुपये की आमदनी हुई है। समूह में 10 महिला सदस्य हैं, सभी को एक-एक लाख रुपए की आमदनी हुई है। उन्होंने बताया कि जैविक खाद बेचकर समूह की महिलाएं परिवार और पति को सहयोग कर रही हैं। किसी ने टीवी खरीदी, किसी ने घर बनाने में मदद की, तो किसी ने अपने पति के लिए स्कूटी खरीदी है। इसे सुनकर मुख्यमंत्री ने कहा कि योजनाओं से गरीब के घर में अंजोर हो रहा है। भेंट-मुलाकात में आनंद गांव की रहने वाली 65 वर्षीय किमीना बंजारे ने बताया कि वर्मी कंपोस्ट बेचकर उन्होंने अपने पति के लिए मोटरसाइकिल खरीदी है और घर के लिए टीवी भी खरीदी है। उनकी बात सुनकर मुख्यमंत्री ने उन्हें बधाई दी।

भेंट-मुलाकात के दौरान किसान खेदूराम ने मुख्यमंत्री को बताया कि उनकी 25 एकड़ जमीन है। उन्होंने समर्थन मूल्य पर धान बेचा है। राजीव गांधी किसान न्याय योजना का लाभ उन्हें मिल रहा है। उन्होंने कहा कि वे राजीव गांधी किसान न्याय योजना की चौथे किश्त का इंतजार कर रहे हैं। किसान खेदू राम ने बताया कि वह जैविक खेती करते हैं, इसके लिए घर की बाड़ी में ही जैविक खाद बनाते हैं। उनका सपना जैविक फसल को विदेश में बेचने का है। मुख्यमंत्री श्री बघेल ने कहा कि धान के बदले अन्य फसल लेने पर किसान को राजीव गांधी  किसान न्याय योजना के तहत आदान सहायता राशि प्रति एकड़ 10 हजार रुपए दी जाती है। इसके लिए किसान को फसल परिवर्तन की जानकारी देनी होती है।

मुख्यमंत्री ने की अनेक घोषणाएं 
मुख्यमंत्री ने भेंट-मुलाकात के दौरान क्षेत्र के विकास के लिए अनेक घोषणाएं की। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत कुसमी को नगर पंचायत बनाया जायेगा मुख्यमंत्री ने कुसमी और रांका कठिया में स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल शुरू करने, जेवरा-अर्जुनी- बोरिया मार्ग का उन्नयन एवं नवीनीकरण करने तथा चौड़ीकरण कार्य की प्रशासकीय स्वीकृति देने, ग्राम रांका – कठिया में सामुदायिक भवन के निर्माण, ग्राम रांका- कठिया में हायर सेकेण्डरी स्कूल के भवन निर्माण और चना घेघरी घाट को प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान करने की घोषणा की।