Skip to main content

4thnation

भाजपा ने किया संगठन स्तर पर बड़ा फेरबदल, अब शिव प्रकाश सम्हालेगे छत्तीसगढ़ की जिम्मेदारी

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने गुरुवार को संगठन स्तर पर अहम बदलाव करते हुए पार्टी के सह-संगठन मंत्री सौदान सिंह को पार्टी का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया। जबकि एक अन्य सह-संगठन मंत्री के रूप में ही जिम्मेदारी संभाल रहे वी. सतीश को नवसृजित पद संगठक पर नियुक्त किया गया। तीसरे सह-संगठन मंत्री शिव प्रकाश अपने वर्तमान पद पर बने रहेंगे लेकिन उनके कार्यक्षेत्र में बदलाव किया गया है। वह अब मध्य-प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और पश्चिम बंगाल में पार्टी गतिविधियों को देखेंगे। भाजपा ने एक बयान जारी कर इन संगठनात्मक नियुक्तियों की जानकारी दी। ये तीनों नेता भाजपा में संगठन महामंत्री बीएल संतोष के अधीन सह-संगठन मंत्री के पद पर थे।
बता दें कि भाजपा में संगठन महामंत्री का पद बहुत अहम होता है। संगठन महामंत्री मूलत: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का पूर्णकालिक प्रचारक होता है और वह भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के बीच कड़ी के रूप में काम करता है। शिव प्रकाश पहले उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल में पार्टी का कामकाज देखते थे। नये बदलावों के बाद वे पश्चिम बंगाल में पार्टी गतिविधियों को देखेंगे ही साथ ही मध्यपद्रेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना भी अब उनके जिम्मे होगा। उनके कार्यक्षेत्र का मुख्य केंद्र भोपाल होगा।
इससे पहले सौदान सिंह मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के अलावा बिहार और झारखंड में पार्टी की गतिविधियों को देखते थे। सिंह अब केंद्र शासित प्रदेशों, हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश में पार्टी के कामकाज को देखेंगे। उनका केंद्र रायपुर था जो अब चंडीगढ़ कर दिया गया है। सतीश अब पार्टी के संसदीय कार्यालय, अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति मोर्चा के बीच समन्वय को देखेंगे और पार्टी के विशेष संपर्क कार्यक्रम की जिम्मेदारी निभाएंगे। इससे पहले वह राजस्थान, गुजरात और महाराष्ट्र में पार्टी के कामकाज को देखते थे। उनका केंद्र दिल्ली रहेगा।
इस फेरबदल से भाजपा संगठन में सह-संगठन मंत्री के दो पद खाली हुए हैं। इन पदों पर निश्चित तौर पर ही संघ के नुमाइंदों की ही नियुक्ति होगी, इसलिए अब सबकी नजरें इसी ओर टिकी रहेंगी कि संघ भाजपा के इन महत्वपूर्ण पदों पर किनकी नियुक्ति करता है। तीनों नेता सतीश, प्रकाश और सिंह राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) के पूर्णकालिक प्रचारक हैं।