Skip to main content

4thnation

बिहार में कानून व्यवस्था पर पप्पू यादव का हमला, बोले- “आम आदमी नहीं, माफिया सुरक्षित”

पूर्णिया: बिहार में बढ़ते अपराध और पुलिसकर्मियों पर हमलों को लेकर पूर्णिया से निर्दलीय सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने शनिवार को मुंगेर में एएसआई संतोष कुमार की हत्या के बाद राज्य की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए।

“बिहार में अपराधियों को संरक्षण मिलता है”

पत्रकारों से बातचीत में पप्पू यादव ने कहा,
“बिहार में आम आदमी सुरक्षित नहीं है, लेकिन माफिया और अपराधियों को संरक्षण दिया जाता है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भले ही अस्वस्थ हों, लेकिन सरकार तो चल रही है।” उन्होंने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार बढ़ता जा रहा है और नेताओं द्वारा अपराधियों को चुनाव लड़ने के लिए पार्टी में शामिल कराया जा रहा है।

“देश की स्थिति सीरिया से बदतर”

सांसद ने बिहार की स्थिति को लेकर चिंता जताते हुए कहा कि यदि हालात नहीं सुधरे तो स्थिति और भी बदतर हो सकती है। उन्होंने कहा,
“हमने दो बार बिहार बंद कर कानून व्यवस्था के खिलाफ विरोध किया, लेकिन हमें संसद में भी बोलने नहीं दिया जाता।”

मुंगेर में एएसआई संतोष कुमार की हत्या

मुंगेर जिले के नंदलालपुर गांव में शुक्रवार रात दो गुटों में विवाद हो रहा था। सूचना पर 112 पुलिस वाहन से एएसआई संतोष कुमार मौके पर पहुंचे और झगड़ा सुलझाने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान एक व्यक्ति ने तेज धारदार हथियार से उन पर हमला कर दिया। घायल एएसआई को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

अररिया में भी पुलिस अधिकारी की हत्या

यह पहली घटना नहीं है। दो दिन पहले अररिया जिले में पुलिस अधिकारी राजीव रंजन की ग्रामीणों के हमले में मौत हो गई थी। बिहार में लगातार हो रहे पुलिसकर्मियों पर हमले चिंता का विषय बने हुए हैं।

सरकार की चुप्पी पर उठाए सवाल

पप्पू यादव ने कहा कि बिहार में माफिया, भ्रष्टाचारी और दलाल पूरी तरह सुरक्षित हैं, लेकिन पुलिस और आम जनता भगवान भरोसे जी रहे हैं। उन्होंने नीतीश सरकार से कानून व्यवस्था को सुधारने की मांग की।