Skip to main content

4thnation

दुर्ग शहर की बदहाल सड़कों के विरोध में भाजयुमों ने किया प्रदर्शन, विधायक व महापौर को ठहराया जिम्मेदार

दुर्ग (छत्तीसगढ़)। शहर की बदहाल सड़कों से नागरिकों को हो रही परेशानियों के विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा आज प्रदर्शन किया गया। इस स्थिति के लिए उन्होंने शहर विधायक अरुण वोरा व महापौर धीरज बाकलीवाल को जिम्मेदार ठहराया। मोर्चा ने बदहाली की इस स्थिति में जल्द सुधार नहीं किए जाने पर विधायक के साथ पीडब्ल्यूडी मिनिस्टर ताम्रध्वज साहू के निवास के घेराव की चेतावनी भी दी है।

बता दें कि शहर की प्रायः सभी सड़कें व गलियां उचित रखरखाव के आभाव में जर्जर हो गई है। जगह-जगह जानलेवा गढ्डे होने से राहगीरों के साथ वाहन दुर्घटना के शिकार हो रहे हैं। यह स्थिति लगभग एक साल से अधिक अवधि से बनी हुई। नागरिकों को इस समस्या से निजात दिलाने की बजाए शहर के जनप्रतिनिधि बयानबाजी और वार्ड भ्रमण का दिखावा कर रहे हैं। वहीं प्रशासनिक अधिकारी एक दूसरे विभाग को जिम्मेदार ठहराते हुए चिट्ठी पत्री का खेल कर रहे हैं। भुगत जनता रही हैं। दिलचस्प यह है कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार के विधायक और महापौर सत्ता पर आसीन होने के बाद यह स्थिति बनी हुई है। शहर में प्रदेश के पीडब्ल्यूडी मंत्री साहू का निवास होने के बावजूद विभाग इस ओर से उदासीन बना हुआ है।
भाजयुमों का यह प्रदर्शन जिलाध्यक्ष नितेश साहू के नेतृत्व में किया गया। कार्यकर्ताओं ने इंदिरा मार्केट रोड पर बैठकर अपनी नाराजगी जाहिर की। कार्यकर्ता हाथ में बैनर पोस्टर लेकर नारेबाजी कर रहे थे। नितेश साहू ने कहा कि इस स्थिति को लेकर जनता पस्त है और विधायक व महापौर अपने में मस्त है। बरसात के पूर्व भी सड़कों की मरम्मत नहीं कराई गई। जिससे स्थिति और भी जानलेवा है गई है। वहीं विधायक, महापौर जनता की परेशानियों के प्रति उदासीन बने हुए है। यह स्थिति कांग्रेस की जनविरोधी कार्यप्रणाली को साबित करती है।