4thnation

छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा को उखाड़ने से मचा बवाल, विरोध में महिला मोर्चा ने किया प्रदर्शन

PicsArt 06 16 07.43.11

दुर्ग (छत्तीसगढ़) आनंद राजपूत। छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा का कथित तौर से अपमान किए जाने पर भाजपा महिला मोर्चा द्वारा आज विरोध प्रदर्शन किया गया। मोर्चा कार्यकर्ताओं ने नाराजगी जाहिर करते हुए जीई रोड पर चक्काजाम का प्रयास भी किया गया। कार्यकर्ता इस हरकत के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग कर रहे थे। बाद में विभाग के सब इंजिनियर द्वारा माफी मांगे जाने पर मामला शांत हुआ।
मामला लोक निर्माण विभाग के जिला अस्पताल के सामने स्थित रेस्ट हाउस में जारी संधारण कार्य से संबंधित है। संधारण कार्य के दौरान यहां स्थापित छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा को निकाल दिया गया था। इस प्रतिमा को सम्मानजनक तरीके से रखे जाने की बजाए सड़क पर लावारिस हालत में फेंक दिया गया था। जिसकी जानकारी मिलने पर महिला मोर्चा अध्यक्ष उपासना चंद्राकर के नेतृत्व में कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और इस हरकत को नारी शक्ति का अपमान बतातें हुए विरोध प्रदर्शन करने लगे। कार्यकर्ता निर्माण कार्य कर रहे ठेकेदार व संबंधित अधिकारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की मांग कर रहे थे। सूचना मिलने पर पुलिस और विभागीय अधिकारी मौके पर पहुंचे और दलील दी गई कि प्रतिमा को हटाकर नई प्रतिमा स्थापित की जा रही है। इसलिए इस प्रतिमा को निकाला गया है। इस दलील से कार्यकर्ता संतुष्ट नहीं हुए और चक्काजाम करने का प्रयास करने लगे। इसी दौरान पीडब्ल्यूडी के सब इंजिनियर गगन जैन मौके पर पहुंच कर माफी मांगी और प्रतिमा को सुरक्षित रखवाए जाने का आश्वासन दिया। जिसके बाद मामला शांत हुआ। प्रदर्शन करने वाली महिलाओं में मीनू निषाद, बाला दिवाकर, रितेश्वरी साहू
श्यामा साव, ममता जैन, प्रभा आदि शामिल थी।