4thnation

एलोपैथी पर सवालिया निशान, आईएमए के बाद एफएआईएमए बाबा रामदेव को भेजा कानूनी नोटिस

नई दिल्ली। योगगुरु बाबा रामदेव की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही है। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) के बाद अब फेडरेशन ऑफ़ ऑल इंडिया मेडिकल एसोसिएशन (एफएआईएमए) ने भी रामदेव को कानूनी नोटिस भेजा है। एसोसिएशन ने स्वास्थ्य कर्मियों के साथ एकजुटता दिखाते हुए और पूरे देश में रेजिडेंट डॉक्टर एसोसिएशन की ओर से रामदेव को कानूनी नोटिस थमा दिया है।
एफएआईएमए ने कहा कि बाबा रामदेव ने सस्ते प्रचार के लिए ऐलोपैथी को लेकर निराधार दावे किये, जिसकी वह निंदा करता है। साथ ही एफएआईएमए ने खुले तौर पर रामदेव से अपने दावों के पीछे सबूत देने या फिर माफी मांगने की बात कही। ऐसा न करने पर कानूनी कार्रवाई करने का ऐलान किया।  
बता दें कि कोरोना संकट के बीच देश में आयुर्वेद और एलोपैथिक की जंग तेज हो गई है। आईएमए ने बाबा रामदेव के बयानों और नये वीडियो के खिलाफ सख्त एक्शन की मांग की है। इस बीच कई एलोपैथिक डॉक्टरों ने रामदेव के खिलाफ थाने में शिकायत भी दर्ज कराई है। साथ ही उन्हें एक हजार करोड़ रुपये का मानहानि नोटिस भी भेजा गया है।
इससे पहले आईएमए ने पीएम नरेंद्र मोदी को चिट्ठी लिखकर मांग की थी कि कोरोना के इलाज के लिए सरकार के प्रोटोकॉल को चुनौती देने और टीकाकरण पर कथित दुष्प्रचार वाला अभियान चलाने के लिए रामदेव पर तत्काल राजद्रोह के आरोपों के तहत मामला दर्ज होना चाहिए।