Skip to main content

4thnation

जीएसटी सुधारों पर मुख्यमंत्री साय का स्वागत : कहा– आमजन को मिलेगा सीधा लाभ, उद्योग-व्यापार को नई ऊर्जा

रायपुर, 04 सितम्बर 2025।
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश की कर प्रणाली में किए गए ऐतिहासिक जीएसटी सुधारों का छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने गर्मजोशी से स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय आम जनता के जीवन को सरल बनाएगा और उद्योग-व्यापार जगत के लिए प्रोत्साहनकारी सिद्ध होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आयकर में 12 लाख तक की छूट देने के बाद अब जीएसटी दरों में की गई भारी कटौती से लोगों की जेब पर सीधा असर पड़ेगा। रोज़मर्रा की ज़रूरत की वस्तुएं, खेती-किसानी के उपकरण, खाने-पीने की सामग्री, दवाइयां, शिक्षा सामग्री, मनोरंजन के सामान, ऑटोमोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पहले से अधिक सस्ते हो गए हैं।

उन्होंने विशेष रूप से उल्लेख किया कि कई आवश्यक वस्तुओं पर टैक्स दर शून्य कर दी गई है, जिससे नागरिकों को राहत मिलेगी। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि नवरात्रि पर्व से लागू होने वाला यह नया प्रावधान प्रधानमंत्री की Ease of Doing Business और Ease of Living की संकल्पना को मूर्त रूप देगा।

साय ने आगे कहा, “इन सुधारों से उद्योग-व्यापार को नई ऊर्जा मिलेगी, उत्पादन बढ़ेगा और देश की अर्थव्यवस्था में नई गति आएगी। यह केवल कर सुधार नहीं बल्कि आम आदमी के जीवन को सरल बनाने और देश को वैश्विक अर्थव्यवस्था की नई ऊँचाइयों पर ले जाने का मार्ग है।”

मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ की ढाई से तीन करोड़ जनता की ओर से प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण का आभार व्यक्त किया। उन्होंने इसे ‘जनहितकारी और ऐतिहासिक निर्णय’ बताते हुए कहा कि यह कदम गरीब, मध्यम वर्ग और किसानों के लिए राहत लेकर आया है और आने वाले समय में देश की प्रगति का नया अध्याय लिखेगा।