Skip to main content

4thnation

भारत की काम्या को नेपाल के प्रधानमंत्री ने किया सम्मानित, महज 16 साल की उम्र में की माउंट एवरेस्ट की चढ़ाई

माउंट एवरेस्ट पर चढ़ाई करने वाली भारत की कम उम्र की पर्वतारोही काम्या कार्तिकेयन को बुधवार को नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल प्रचंड ने सम्मानित किया है। बता दें कि, काम्या महज 16 साल की हैं। 
दुनिया की सबसे ऊंची चोटी 8848.86 मीटर पर पहली बार चढ़ाई को चिह्नित करने के लिए हर साल 29 मई को अंतर्राष्ट्रीय एवरेस्ट दिवस मनाया जाता है। 1953 में नेपाल के तेनजिंग नोर्गे और न्यूजीलैंड के एडमंड हिलेरी के एवरेस्ट पर चढ़ाने के 71 साल बाद, 8000 से ज्यादा लोग इसकी चढ़ाई कर चुके हैं। 
महज 16 साल और 9 महीने की उम्र में काम्या अपने 45 वर्षीय भारतीय नौसेना कमांडर पिता एस कार्तिकेयन के साथ नेपाल की ओर साउथ कोल से 20 मई को सफलतापूर्वक दुनिया की शीर्ष चोटि पर पहुंची। काम्या ने कहा कि वह एवरेस्ट पर चढ़ने के प्रति तब आकर्षित हुईं जब उन्होंने सात साल पहले एवरेस्ट बेस कैंप तक ट्रेकिंग की थी। उन्होंने कहा कि ये मेरी यात्रा के दौरान नेपाल के लोगों ने जो प्यार और स्नेह दिखाया है उससे मैं अभिभूत हूं। 
काम्या के अलावा पीएम प्रचंड ने कामी रीता शेरपा को भी सम्मानित किया। जिन्होंने इस साल रिकॉर्ड 30 बार माउंट एवरेस्ट पर चढ़ाई की। इसके अलावा फुंजो लामा को भी सम्मानित किया, जो केवल 14 घंटे और 31 मिनट में एवरेस्ट पर चढ़ने वाली सबसे कम समय में ऐसा करने वाली पहली महिला बन गई।