4thnation

PT Usha ने राज्यसभा के कार्यवाही की अध्यक्षता की…

महान एथलीट पीटी उषा ने गुरुवार को सभापति और उपाध्यक्ष जगदीप धनखड़ की अनुपस्थिति में राज्यसभा की कार्यवाही की अध्यक्षता की। पीटी उषा ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर उस पल की एक छोटी क्लिप भी पोस्ट की और बताया कि उस समय वह क्या महसूस कर रही थीं। उन्हें जुलाई 2022 में भारतीय जनता पार्टी की तरफ से राज्यसभा सांसद नियुक्त किया गया और नवंबर में वह भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष भी बनीं।राज्यसभा की कार्यवाही संभालने का वीडियो शेयर करते हुए पीटी उषा ने लिखा “महान शक्ति में बड़ी जिम्मेदारी शामिल होती है’ जैसा कि फ्रैंकलिन डी. रूजवेल्ट ने कहा था। जब मैंने राज्यसभा सत्र की अध्यक्षता की तो मैंने भी यह महसूस किया। मैं अपने लोगों के मुझ पर विश्वास के साथ इस यात्रा को शुरू करती हूं और इसे मील का पत्थर बनाने की कोशिश करूंगी।”पीटी उषा के इस वीडियो पर उनके फैंस और समर्थकों ने उन्हें बधाई दी। एक यूजर ने लिखा, “उषा, आप पर बहुत गर्व है, आपकी आगे की यात्रा के लिए शुभकामनाएं। आगे बढ़ें और एक बार फिर इतिहास रचें।” एक अन्य ने लिखा “आप पर गर्व है। आप भारत की बेटियों के लिए एक प्रेरणा हैं।”एक अन्य यूजर ने ट्वीट किया, “असली सशक्तिकरण। शुभकामनाएं और यकीन है कि आप देश को और भी बहुत कुछ वापस देंगी।”दिसंबर में पीटी उषा राज्यसभा के उपाध्यक्षों के पैनल का हिस्सा बनने वाली पहली नामांकित सांसद बनीं, जो सभापति और उपसभापति के उपलब्ध नहीं होने पर सदन की कार्यवाही का संचालन करती हैं।पय्योली एक्सप्रेस के नाम से लोकप्रिय, पीटी उषा ने एशियाई खेलों, एशियाई चैंपियनशिप और विश्व जूनियर आमंत्रण मीट सहित विभिन्न अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत के लिए पदक जीते हैं। उन्होंने अपने करियर के दौरान कई राष्ट्रीय और एशियाई रिकॉर्ड बनाए और तोड़े।स्टार स्प्रिंटर ने एशियाई खेलों में चार स्वर्ण पदक और सात रजत पदक जीते हैं। वह लॉस एंजिल्स 1984 ओलंपिक में महिलाओं की 400 मीटर बाधा दौड़ में एक सेकेंड के 1/100वें हिस्से से पदक हासिल करने से चूक गईं। लॉस एंजिल्स में उनका 55.42 सेकंड का समय अभी भी एक राष्ट्रीय रिकॉर्ड के रूप में कायम है।