Skip to main content

4thnation

किसान आंदोलन, मन की बात के दौरान थाली बजाकर करेंगे किसान समर्थन

दुर्ग (छत्तीसगढ़)। जिले के किसान 27 दिसंबर को सुबह 11 बजे थाली बजाकर किसान आंदोलन का समर्थन करेंगे। छत्तीसगढ़ प्रगतिशील किसान संगठन के संयोजक राजकुमार गुप्ता ने बताया कि केंद्र के तीन कृषि कानूनों के खिलाफ देश के लाखों किसान कड़ाके की ठंड में दिल्ली की सभी सीमाओं पर पिछले एक माह से खुली आसमान के नीचे सड़कों पर बैठे हैं। केंद्र सरकार की पुलिस ने किसानों को दिल्ली में प्रवेश करने से रोक दिया है। केंद्र सरकार किसानों की मांग मानने के लिए अब तक तैयार नहीं हुई है। सरकार का इरादा मांगों को मानने का नहीं है और आंदोलन को लंबी अवधि तक जारी रखना पड़ सकता है। इसे देखते हुए राष्ट्रीय किसान आंदोलन ने किसानों और नागरिकों से 27 दिसंबर को 11 बजे, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने मन की बात कर रहे होंगे तब अपने निवास या कार्यस्थल में थाली बजाकर किसानों के आंदोलन का समर्थन करने की अपील की है। गुप्ता ने बताया कि संगठन के किसान इसके अनुरूप थाली बजाकर किसान आंदोलन का समर्थन करेंगे।