Skip to main content

4thnation

हाथरस मामले की सीबीआई करेगी जांच, सीएम योगी ने शनिवार रात जारी किया आदेश

नई दिल्ली। देश को झकझोर देने वाले हाथरस गैंगरेप और हत्या मामले की जांच अब सीबीआई करेगी। यूपी की योगी आदित्यनाथ सरकार ने इस केस की जांच केंद्रीय जांच एजेंसी सीबीआई से करवाने की सिफारिश की है। इस केस में अभी एसआईटी जांच की प्रारंभिक रिपोर्ट ही राज्य सरकार के पास पहुंची है और आगे की जांच जारी है। पिछले दो दिनों से राज्य सरकार ने एसआईटी टीम की जांच का हवाला देते हुए ही पीड़ित परिवार के गांव में मीडिया और नेताओं के जाने पर पाबंदी लगा दी थी। वहीं पीड़ित परिवार का आरोप है कि उनके फोन छीन लिए गए औऱ बाहर नहीं निकलने दिया जा रहा था.
इस मामले को लेकर देशभर में जारी निंदा व प्रदर्शन के बाद योगी सरकार की तरफ से आज पीड़ित परिवार से मिलने के लिए यूपी के अतिरिक्त मुख्य सचिव गृह अवनीश अवस्थी और यूपी के डीजीपी पहुंचे। इसके बाद शाम में मुख्य सचिव अवनीश अवस्थी ने लखनऊ में प्रेस वार्ता में कहा कि एसआईटी की जांच जारी है। पीड़ित के परिवार के साथ न्याय करेंगे। लेकिन शनिवार रात होते होते यूपी सीएम ऑफिस के ऑफिशियल ट्विटर अकाउंट से जारी किए गए ट्वीट में सीबीआई जांच के आदेश दिए जाने की बात कही गई है।