Skip to main content

4thnation

मणिपुर का हाल क्यों हुआ बुरा? इंटरनेट सेवा हुई पांच दिनों के लिए बंद, कर्फ्यू के बीच बढ़ती हिंसा की डरावनी कहानी!

इम्फाल। मणिपुर की राजधानी इम्फाल में शनिवार रात एक मेइती संगठन के नेता के गिरफ्तारी की खबर के बाद प्रदर्शन भड़क उठे। अरमबई तेंगोल के एक नेता को इम्फाल के क्वाकैतल इलाके से सुरक्षा बलों द्वारा हिरासत में लिए जाने की खबर के बाद प्रदर्शनकारियों ने टायर जलाए और कई हिस्सों में सड़कों को बंद कर दिया।

इम्फाल पश्चिम के उरिपोक, तिद्दिम रोड समेत अन्य स्थानों पर प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा बलों के बीच झड़पें हुईं, जिसमें कई लोग घायल हुए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मणिपुर गृह आयुक्त एन. अशोक कुमार ने इम्फाल पूर्व, इम्फाल पश्चिम, ककचिंग, थौबल और बिष्णुपुर जिलों में पांच दिन के लिए इंटरनेट, मोबाइल डेटा, VSAT और VPN सेवाएं बंद करने का आदेश जारी किया।

आदेश में बताया गया है कि सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक छवियों, नफरत भरे संदेशों और वीडियो के प्रसार से कानून-व्यवस्था की गंभीर समस्या पैदा होने का खतरा है। इसके अलावा, घाटी क्षेत्र के जिलों में भी 163 के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश लागू किए गए हैं। बिष्णुपुर जिले में 7 जून की रात 11 बजे से कुल कर्फ्यू लगाया गया है।

मणिपुर में इंटरनेट सेवाएं आखिरी बार पिछले साल सितंबर में बंद की गई थीं, जब राज्य में हिंसा की पुनरावृत्ति के बाद प्रदर्शन हुए थे।