Skip to main content

4thnation

पटना से रांची आ रही इंडिगो फ्लाइट को बर्ड हिट, रांची एयरपोर्ट पर आपात लैंडिंग – सभी 175 यात्री सुरक्षित

रांची, 2 जून 2025:
रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर सोमवार को एक बड़ी विमान दुर्घटना टल गई, जब पटना से रांची आ रही इंडिगो की फ्लाइट को हवा में बर्ड हिट का सामना करना पड़ा। विमान को आपात लैंडिंग करनी पड़ी, हालांकि राहत की बात यह रही कि विमान में सवार सभी 175 यात्री और क्रू मेंबर सुरक्षित हैं।

एयरपोर्ट के निदेशक आर. आर. मौर्य ने जानकारी देते हुए बताया कि, “इंडिगो की यह फ्लाइट रांची से लगभग 10 से 12 नौटिकल मील दूर और 3,000 से 4,000 फीट की ऊंचाई पर थी, जब यह घटना घटी। पायलट ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए विमान की आपात लैंडिंग रांची एयरपोर्ट पर करवाई।”

उन्होंने बताया कि विमान को गिद्ध से टक्कर लगी, जिससे एयरबस 320 में डेंट आ गया है। फिलहाल इंजीनियर विमान की स्थिति का आकलन कर रहे हैं। यह घटना दोपहर 1.14 बजे की है।

एक अन्य अधिकारी ने बताया कि यह विमान रांची से कोलकाता के लिए अगली उड़ान पर जाने वाला था, लेकिन अब वह फिलहाल सेवाओं से बाहर रहेगा।

घटना के बाद इंडिगो की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी गई है।

एयरपोर्ट अधिकारियों और ग्राउंड स्टाफ की तत्परता से एक संभावित हादसे को टाल दिया गया। यात्री और उनके परिजन घटना के बाद राहत की सांस ले रहे हैं।