Skip to main content

4thnation

कोरोना का कहर IPL पर : दो खिलाड़ी हुए संक्रमित, आज का मैच रद्द

नई दिल्ली। कोरोना के कहर का असर अब इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) पर भी देखने को मिल रहा है। सोमवार को होने वाले कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के मैच को रद्द कर दिया गया है। जानकारी के मुताबिक, कोलकाता के दो खिलाड़ी कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। जिसके बाद ये फैसला लिया गया है। केकेआर के कोविड संक्रिमत खिलाड़ियों में संदीप वॉरियर और वरुण चक्रवर्ती के नाम सामने आ रहे हैं।
आईपीएल के 14वें सीजन के 30वें मैच में सोमवार को अहमदाबाद में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का सामना कोलकाता नाइट राइडर्स से होना था। यह मुकाबला शाम 7.30 बजे से खेला जाना था।
कोरोना के संक्रमण काल में बीसीसीआई ने मजबूत ‘बायो-बबल’ का हवाला दिया था। जिसके बाद अब तक 29 मैच सफलतापूर्वक कराए गए। चेन्नई और मुंबई के चरणों के सभी मैच पूरे हुए। लेकिन अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में सीजन के 30वें मैच को फिलहाल रद्द कर दिया गया है।  
बता दें कि पिछले कुछ हफ्तों से भारत में संक्रमण के रोजाना तीन लाख से अधिक नए मामले सामने आ रहे हैं। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार रोजाना मरने वालों का आंकड़ा भी तीन हजार से अधिक है।  
इससे पहले खबर आई थी कि देश में कोरोना के लगातार बढ़ते मामलों के बीच बीसीसीआई ने IPL-14 में खिलाड़ियों के लिए बायो बबल को और सख्त कर दिया है। लेकिन इसके बावजूद खिलाड़ी संक्रमण से नहीं बच पाए।