Skip to main content

4thnation

कश्मीर में पैदा हुआ आंतकी अहंगर अफगानिस्तान में रहकर कर रहा आंतकियों की भर्ती, आतंकवादी घोषित

नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने एक नोटिफिकेशन जारी कर बताया कि एजाज अहमद अहंगर उर्फ ​​​​अबू उस्मान अल-कश्मीरी को आतंकवादी घोषित किया गया है। साल 1974 में श्रीनगर में पैदा हुआ अहंगर जम्मू कश्मीर में दो दशक से ज्यादा समय से वांछित है। कुछ आतंकवादी हमलों में भी उसकी भूमिका रही है।

केंद्र ने अहमद अहंगर को गैरकानूनी गतिविधि (रोकथाम) अधिनियम 1967 के तहत आतंकवादी घोषित किया है। गृह मंत्रालय ने जानकारी दी कि श्रीनगर में जन्मा आतंकवादी अहंगर वर्तमान में अफगानिस्तान में स्थित है इस्लामिक स्टेट जम्मू-कश्मीर (आईएसजेके) के प्रमुख भर्तीकर्ताओं में से एक है। जानकारी के मुताबिक आतंकी एजाज भारत में इस्लामिक स्टेट को फिर से शुरू करने की तैयारी में जुटा था। गृह मंत्रालय के मुताबिक वह फिलहाल अफगानिस्तान में बसा है।

केंद्रीय गृह मंत्रालय ने अपने नोटिफिकेशन में कहा है कि अहंगर कश्मीर में आतंकवाद को बढ़ावा देने की दिशा में तेजी से काम कर रहा है और उसने अपने कश्मीर आधारित नेटवर्क में शामिल करने के लिए लोगों की पहचान करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। आतंकी अबू उस्मान अल-कश्मीरी को भारत के लिए इस्लामिक स्टेट (आईएस) भर्ती सेल के प्रमुख के रूप में नियुक्त किया गया था। उसने एक ऑनलाइन भारत-केंद्रित आईएसआईएस प्रचार पत्रिका शुरू करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

गृहमंत्रालय की अधिसूचना में कहा गया है कि गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) 1967 के तहत चौथी अनुसूची में शामिल होने के साथ अहंगर आतंकवादी घोषित होने वाला 49वां व्यक्ति होगा। आतंकी अहंगर साल 1996 में कश्मीर की जेल से छूटा था। तब से वह भारत से फरार है।