Skip to main content

4thnation

पश्चिम बंगाल से तस्करी कर लाए गए ढाई किलो सोने के बिस्कुट बरामद, आयकर विभाग जांच में जुटा

रायपुर (छत्तीसगढ़)। तेलीबांधा पुलिस द्वारा मंगलवार को तस्करी कर लाए गए 2.5 किलो वजन के सोने के बिस्किट बरामद किए गए हैं। जिनकी कीमत 1.25 करोड़ रुपए बताई जा रही है। यह सोना पश्चिम बंगाल से तस्करी कर रायपुर लाए जाने की जानकारी सामने आई है।
तेलीबांधा थाना पुलिस और साइबर सेल की यह संयुक्त कार्रवाई है। सोने की तस्करी के मामले में पुलिस ने डीडी नगर निवासी अशोक बेरा को हिरासत में लिया है। आयकर विभाग की टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग महासमुंद से सोना बेचने के लिए रायपुर आ रहे हैं। इस आधार पर एसएसपी अजय यादव और साइबर सेल प्रभारी एडिशनल एसपी अभिषेक माहेश्वरी, रमाकांड साहू के निर्देशन में टीम का गठन किया गया। टीम ने मंगलवार दोपहर तेलीबांधा क्षेत्र में मैग्नेटो मॉल के सामने एक कार को रोका।
कार सवारों से पूछताछ करने पर वे गुमराह करने का प्रयास करने लगे। संदेह होने पर कार की तलाशी ली गई, तो उसमें से 2.5 किलो सोने के बिस्किट बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी डीडी नगर निवासी अशोक बेरा कोई कागजात नहीं दिखा पाया। बताया कि सोना पश्चिम बंगाल के किसी व्यक्ति से खरीदा था। इसके गहने बनाकर बेचने के लिए लेकर आ रहा था। पूछताछ में टैक्स चोरी की बात भी सामने आई है। जिसके बाद पुलिस ने आयकर विभाग को सूचना दी। इस मामले में एक स्विफ्ट डिजायर कार भी जब्त की गई है।