Skip to main content

4thnation

दुर्ग में अवैध शराब बेचते युवक को पुलिस ने दबोचा, 30 पौवा मसाला मदिरा जब्त

दुर्ग, 15 अगस्त 2025।
अवैध शराब बिक्री पर लगाम कसने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सिटी कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली। मुखबिर से सूचना मिली कि शिवनाथ नदी रोड, पंचवटी भवन के सामने एक व्यक्ति अवैध रूप से देशी मसाला मदिरा बेच रहा है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर घेराबंदी की और एक युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम शेख रहमान (उम्र 30 वर्ष), निवासी तकियापारा, दुर्ग बताया।

तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से 30 नग देशी मसाला मदिरा पौव्वा (प्रत्येक 180 एम.एल.) यानी कुल 5.4 बल्क लीटर शराब, जिसकी कीमत ₹3000 है, और बिक्री की नगदी ₹110 बरामद हुई। कुल जब्ती की कीमत ₹3110 आंकी गई।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 382/2025, धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश कर ज्यूडिशियल रिमांड पर भेज दिया।

इस कार्रवाई में सहायक उपनिरीक्षक मोहन लाल साहू, प्रधान आरक्षक चेतन साहू और आरक्षक थॉमसन पीटर की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने कहा कि इस तरह के अवैध कारोबार पर सख्ती से रोक लगाने का अभियान जारी रहेगा।