4thnation

शराब घोटाला : अनवर ढेबर सहित कारोबारी और अफसरों की 4 दिन बढ़ी ईडी रिमांड

रायपुर (छत्तीसगढ़)। छत्तीसगढ़ में चर्चित 2 हजार करोड़ के शराब घोटाला मामले पर कारोबारी अनवर ढेबर, नितेश पुरोहित, त्रिलोक सिंह ढिल्लन उर्फ पप्पू ढिल्लन और आबकारी विभाग के विशेष सचिव अरूणपति त्रिपाठी अभी 4 दिन और ईडी की रिमांड पर रहेंगे। कोर्ट ने 19 मई तक की रिमांड बढ़ा दी है। ईडी ने 10 दिन की रिमांड बढ़ाने की मांग की थी, लेकिन 4 दिन की मंजूरी मिली है।

16 मई मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट दिल्ली में कारोबारी अनवर ढेबर के मामले में सुनवाई है। अब उन्हें राहत मिलेगी या नहीं इसका भी ईडी को बेसब्री से इंतजार होगा।
सूत्रों का ये भी कहना है कि दो होटल व्यवसाई और एक IAS और उनके बेटे को लंबी पूछताछ के बाद उन्हें घर जाने दिया गया है। और निर्देश दिया गया कि जब भी बुलाया जाएगा तो उपस्थित होना होगा।

कोर्ट में इससे पहले अनवर ढेबर ने जज के सामने ईडी पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए खुदकुशी की धमकी दी थी। ढेबर ने जज के सामने कहा था कि ईडी उन्हे प्रताड़ित कर रही है और सीएम और उनके परिवार के सदस्यों का नाम लेने के लिए दबाव बना रही है। उन्होने कहा था कि अगर ऐसा ही चलता रहा तो मैं खुदकुशी कर लूंगा और ईडी उसकी जिम्मेदार होगी।