4thnation

महानदी टोल पर ओडिशा से लौट रहे तीर्थयात्रियों से अवैध वसूली, मारपीट, प्रशासन की पहल पर एफआईआर दर्ज, 4 गिरफ्तार

रायपुर, (छत्तीसगढ़)। ओडिशा से वापस छत्तीसगढ़ लौट रहे तीर्थयात्रियों से टोल नाका पर अवैध वसूली और बदसलूकी किए जाने की जानकारी सामने आई है। कटक जिले में मंगोली के पास बैरियर में अवैध वसूली तथा मारपीट की शिकायत मिलते ही सक्ती जिला प्रशासन ने ओडिशा प्रशासन से संपर्क किया। सक्ती के अधिकारियों ने ओडिशा के अधिकारियों से कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए एफआईआर दर्जकर आरोपियों पर कार्रवाई की जाए। इसके बाद कटक जिले के अतरगढ़ थाने में इस मामले में एफआईआर दर्ज की गई और चार लोगों को गिरफ्तार किया गया।

बता दें कि मल्दा छत्तीसगढ़ की श्री कृष्णलीला मंडली के सदस्य रामेश्वरम यात्रा के लिए निकले थे। भुवनेश्वर के नंदन कानन घूमने के बाद संबलपुर के रास्ते यह घर के लिए निकले। कटक जिले में मंगोली के पास महानदी टोल में इनसे अवैध वसूली हुई और महिलाओं के साथ भी मारपीट की गई। इसकी सूचना मिलते ही सक्ती जिला प्रशासन के अधिकारियों ने ओडिशा पुलिस के साथ संपर्क किया था।