4thnation

मनी लॉन्ड्रिंग : छत्तीसगढ़ में ईडी ने एक और महिला आईएएस अफसर को किया गिरफ्तार, कोर्ट ने दी 25 जुलाई तक की रिमांड

रायपुर (छत्तीसगढ़)। छत्तीसगढ़ की आईएएस अफसर रानू साहू को ईडी की टीम ने हिरासत में लेकर रायपुर कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने उन्हें 25 जुलाई तक ईडी की रिमांड दी है। प्रवर्तन निदेशालय के अफसरों ने उनकी 14 दिन की रिमांड मांगी थी। शुक्रवार देर रात तक रानू साहू के देवेंद्र नगर स्थित सरकारी आवास में टीम ने छापेमारी की थी। इसमें मिले अहम सबूतों के मुताबिक रानू साहू करोड़ों रुपए के हेर-फेर में शामिल थीं, फिलहाल मामले की जांच जारी है।

रानू साहू छत्तीसगढ़ की दूसरी आईएएस ऑफिसर हैं जिन्हें प्रवर्तन निदेशालय ने गिरफ्तार किया। इससे पहले आईएएस समीर विश्नोई गिरफ्तार हो चुके हैं और कोल स्कैम के मामले में फिलहाल रायपुर की सेंट्रल जेल में बंद है। रानू साहू वर्तमान में कृषि विभाग में संचालक के पद पर पदस्थ थीं। इससे पहले रानू रायगढ़ जिले की कलेक्टर रह चुकी हैं।

पिछले साल ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग और कोल अवैध वसूली मामले में रानू साहू के कलेक्टर रहते हुए छापेमारी कार्रवाई की थी। रानू साहू के मायके में अधिकारियों ने दबिश दी थी। साहू के गांव पाण्डुका, गरियाबंद जिले में छापा पड़ा था। साहू के परिजन राजनीति से जुड़े हैं।

जिला पंचायत सदस्य लक्ष्मी साहू और कांग्रेस नेता शैलेंद्र साहू के घर टीम घुसी थी। लक्ष्मी साहू कलेक्टर रानू साहू की मां हैं। वहीं शैलेंद्र साहू उनके चचेरे भाई हैं। मैनपुर में एक 12 एकड़ के तालाब के भी इस परिवार के नाम होने की जानकारी सामने आई थी, क्योंकि इसकी प्रारंभिक रजिस्ट्री में परिवार का नाम था।

Picsart 23 07 22 16 25 48 958

इसके अलावा ईडी ने शुक्रवार को रायपुर, बिलासपुर, कोरबा में कारोबारियों और अफसरों के घर दबिश दी थी। रायपुर में रामदास अग्रवाल के जोरा स्थित अनुपम नगर के घर में भी टीम पहुंची थी। कोरबा में निगम कमिश्ननर प्रभाकर पांडेय के घर पर सुबह पांच बजे से पांच सदस्यीय टीम छानबीन की। ईडी की टीम के साथ सीआरपीएफ के जवान भी पहुंचे जो घर के अंदर और बाहर तैनात थे। कार्रवाई कोल स्कैम मामले के साथ नान और मार्कफेड में पीडीएस घोटाले के सिलसिले में चल रही है।