4thnation

बदचलनी से नाराज पति ने पत्नी की कुल्हाड़ी से काट डाली गर्दन, खुद झूला फांसी के फंदे पर

बिलासपुर (छत्तीसगढ़)। कोटा थाना क्षेत्र में एक अधेड़ ने अपनी पत्नी की हत्या करने के बाद खुद भी जान दे दी। अधेड़ को अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह था। इसके चलते उसने कुल्हाड़ी से पत्नी की गर्दन काट दी। इसके बाद खुद भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। गुरुवार को पति-पत्नी की लाश घर में ही मिली है। सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के बाद भेज दी है।

जानकारी के मुताबिक, मोहनभाटा के सतनामीपारा निवासी कोमल बघेल (55 वर्ष) मजदूरी करता था। वह शराब पीने का आदी भी था। घर में वह अपनी पत्नी तीतरी बाई बघेल (50 वर्ष) और बच्चों के साथ रहता था। कोमल को अपनी पत्नी तीतरी बाई के चरित्र पर शक था। इसके चलते दोनों के बीच आए दिन झगड़ा होता था। बताया जा रहा है कि बुधवार शाम भी कोमल शराब पीकर घर पहुंचा और पत्नी से विवाद करने लगा। 

दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि कोमल ने गुस्से में कुल्हाड़ी की गर्दन और सिर पर ताबड़तोड़ वार कर उसकी जान ले ली। इसके बाद कोमल घर से बाहर चला गया। चीख सुनकर उसकी बेटी भी उठ गई। वहीं घर के बाहर अन्य लोगों की भीड़ लग गई। इस बीच कोमल फिर घर लौटा और अंदर जाकर कमरे की म्यांर से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस मामला दर्ज कर जांच कर रही है।