Skip to main content

4thnation

पंजाब मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर के हेलीपैड के पास मिला जिंदा बम, इलाके को पुलिस ने किया सील

Picsart 23 01 02 19 26 28 228

नई दिल्ली। चंडीगढ़ में सेक्टर-2 के राजिंदरा पार्क में सोमवार दोपहर जिंदा बम मिला। इस पार्क के पास ही पंजाब के सीएम भगवंत मान और हरियाणा के सीएम मनोहर लाल खट्‌टर के आवास हैं। कुछ दूरी पर हेलीपैड भी है, जहां पंजाब के सीएम का हेलिकॉप्टर लैंड करता है।

चंडीगढ़ पुलिस की टीमें, बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड मौके पर बुलाए गए हैं। बम को चारों तरफ से कवर कर दिया गया है। वहीं चंडीमंदिर में आर्मी को इसकी जानकारी दे दी गई है। आर्मी की बम डिस्पोजल टीम को भी बुलाया गया है।

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की कोठी से लगभग 1 किलोमीटर की दूरी पर राजिंदरा पार्क है। पार्क से आगे आम का बाग है। यहीं पर बाग में यह बम मिला है। बाग के अंदर लगे ट्यूबवेल के ऑपरेटर ने पुलिस को बम की सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम, एरिया DSP और चंडीगढ़ प्रशासन की डिजास्टर मैनेजमेंट टीम मौके पर पहुंच गई। जांच करने पर यहां एक जिंदा बम पाया गया।

बम एक्टिव है इसलिए एहतियातन इसे फाइबर के ड्रम में रख दिया गया है। इसके चारों तरफ सैंड बैग रख दिए गए हैं। चंडी मंदिर आर्मी को इसकी जानकारी दे दी गई है। वहीं कुछ जवान सुरक्षा के लिए यहां तैनात किए गए हैं।

बम मिलने की सूचना के बाद पुलिस के सीनियर अफसर वहां पहुंच गए। जिसके बाद पूरे इलाके को सील कर दिया गया है। आर्मी की जांच से ही पता चल पाएगा कि बम कितना पुराना है और किस का हो सकता है।

चंडीमंदिर से आर्मी टीम मंगलवार सुबह ही पहुंचेगी। आर्मी को सूचना काफी देरी से मिली। ऐसे में अब अंधेरा होने के चलते बम को डिफ्यूज करने का ऑपरेशन कल सुबह ही किया जाएगा। एक्सपर्ट्स के मुताबिक स्ट्राइक करने की स्थिति में यह बम फट सकता है।