Skip to main content

4thnation

देवबलोदा गांव में युवक की हत्या, पुलिस ने जांच शुरू की

पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र के देवबलोदा गांव में बीती देर रात एक युवक की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। हत्या के बाद आरोपियों ने मृतक का सिर पत्थर से कुचल दिया, जिससे उसकी पहचान ना हो सके। पुलिस ने इस मामले में आठ से नौ लोगों के शामिल होने की आशंका जताई है और कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक की पहचान एल चिरंजीवी उर्फ ब्रूसली, निवासी सी केबिन के पास गांधीनगर, देवबलोदा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि ब्रूसली आदतन अपराधी था और पुरानी रंजिश के चलते उसकी हत्या उसके ही साथियों ने की। आरोपियों ने पहले उसे शराब पार्टी के लिए बुलाया और शराब पीने के बाद धारदार हथियार से हमला कर दिया। बाद में सिर को पत्थर से कुचल दिया।

पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद एसपी जितेंद्र शुक्ला ने जल्द से जल्द आरोपियों को पकड़ने के निर्देश दिए हैं। पुरानी भिलाई पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम मिलकर एक विशेष टीम का गठन कर आरोपियों की तलाश में जुट गई है। पुलिस घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ ही लोगों से भी पूछताछ कर रही है।