Skip to main content

4thnation

“डबल पैसा स्कीम बना करोड़ों का जाल: इंदौर के प्रॉपर्टी डीलर से ₹2.5 करोड़ की ठगी, एक आरोपी गिरफ्तार, बाकी की तलाश जारी”

दिनांक: 10 जून 2025 | भिलाई, छत्तीसगढ़
डबल मुनाफे का झांसा देकर करोड़ों की ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ भिलाई पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। रॉबोट ट्रेडर्स एफएक्स लिमिटेड और इंफीनॉक्स कैपिटल नामक फर्जी ट्रेडिंग कंपनियों के नाम पर निवेशकों को ठगने वाले एक आरोपी निखिल चंद्राकर को गिरफ्तार कर लिया गया है।

प्रार्थी ज्ञान प्रकाश साहू (उम्र 37 वर्ष, निवासी कोहका भिलाई) ने चौकी स्मृति नगर में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह प्रॉपर्टी डीलिंग और माइंड ट्रेनिंग का कार्य करता है। वर्ष 2019 में उसकी मुलाकात पुराने परिचित उत्तम कुमार साहू से हुई, जिसने अपने अन्य साथियों—निखिल चंद्राकर, पवन साहनी और उमेश पटेल—से उसे मिलवाया।

इन लोगों ने इंफीनॉक्स कैपिटल नामक ट्रेडिंग कंपनी में निवेश करने पर हर महीने 10-20% लाभ का झांसा दिया और बाद में दावा किया कि कंपनी AI के जरिए ट्रेड करती है। शुरू में डॉलर में राशि ट्रांसफर करने का आग्रह किया गया, लेकिन बाद में आरोपीगणों ने अपने बैंक खातों में सीधे निवेश करने को कहा और पैसे डबल करने का वादा किया।

कुल ₹2,50,67,659 की राशि ट्रांसफर व नगद दी गई, लेकिन ₹1,30,74,966 की राशि अब तक नहीं लौटाई गई।
पीड़ित को बार-बार झांसे में रखकर टालमटोल किया गया और वर्ष 2023 में एक इकरारनामा पर दस्तखत करवाया गया जिसमें आरोपी ने पैसा लौटाने की बात स्वीकारी थी।

पुलिस ने आरोपी निखिल चंद्राकर (उम्र 37 वर्ष, निवासी प्रगति नगर, नेवई) को गिरफ्तार कर लिया है। उससे पूछताछ में फर्जीवाड़े की पुष्टि हुई और उसका Apple iPhone 13 भी जब्त कर लिया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

प्रकरण में थाना वैशाली नगर पुलिस की टीम की सक्रियता और त्वरित कार्रवाई सराहनीय रही।