Skip to main content

4thnation

गरियाबंद में अवैध रेत उत्खनन पर प्रशासन का शिकंजा, 9 भारी वाहन जब्त

गरियाबंद, 4 जून 2025 — जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने सख्त कदम उठाना शुरू कर दिया है। कलेक्टर बीएस उइके के निर्देश पर आज खनिज, राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने बकली क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान एक चेन पोकलेन मशीन (जेसीबी) और चार हाइवा वाहन जब्त किए गए, जो अवैध रूप से रेत परिवहन में लगे थे।

प्रशासन की यह कार्रवाई कोई एकदिवसीय नहीं है। इससे पहले 1-2 जून 2025 की रात, बाकली-चौबेबांधा-पिताईबंद (तहसील राजिम) क्षेत्र में भी अवैध रेत परिवहन करते चार अन्य हाइवा वाहनों को जब्त किया गया था। अब तक की कार्रवाई में कुल 9 भारी वाहन जब्त कर राजिम और पांडुका थाना परिसरों में रखे गए हैं।

प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि अवैध उत्खनन और परिवहन करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। जिला प्रशासन द्वारा क्षेत्र में लगातार सतत निगरानी की जा रही है और दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोरतम कार्रवाई की जा रही है।

आगे की जांच और विधिक प्रक्रिया प्रचलन में है। साथ ही प्रशासन ने यह भी संकेत दिए हैं कि आने वाले समय में अवैध खनन पर और भी बड़ी कार्रवाई की जाएगी।