Skip to main content

4thnation

कोंडागांव में नकली नोट के साथ युवक गिरफ्तार, पुलिस ने एक लाख पाँच हजार के नकली नोट किए जब्त

कोंडागांव: फरसगांव पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर एक युवक को 1 लाख 5 हजार रुपये के नकली नोट के साथ गिरफ्तार किया है। युवक के पास से 500 रुपये के कुल 210 नकली नोट बरामद किए गए हैं। इसके अलावा आरोपी के पास बिना नंबर की नीले रंग की बाइक भी जब्त की गई, जिसमें कांग्रेस कमेटी उपाध्यक्ष लिखा हुआ था।

पुलिस के अनुसार, सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति बिना नंबर की नीली बाइक में 500-500 रुपये के नकली नोट लेकर माकड़ी से फरसगांव की ओर आ रहा है। इसके बाद पुलिस ने फरसगांव-माकड़ी रोड पर नाकेबंदी कर पासंगी पुलिया के पास युवक को रोका। पूछताछ में युवक ने अपना नाम राजेश सोरी (32 वर्ष) बताया, जो गुहाबोरंड, नयापारा, थाना फरसगांव, जिला कोंडागांव का निवासी है। उसके बैग की तलाशी लेने पर 500 रुपये के 200 नकली नोट बरामद हुए, जो कुल 1 लाख रुपये के थे। इसके अलावा, उसके घर से भी 500 रुपये के 10 नकली नोट मिले।

पुलिस ने आरोपी के पास से 1 लाख 5 हजार रुपये के नकली नोट पाए जाने के पर्याप्त सबूत मिलने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को 29 अक्टूबर को न्यायिक हिरासत में भेजा गया।