Skip to main content

4thnation

कवर्धा और सुकमा हत्या-आगजनी मामलों की जांच के लिए कांग्रेस ने बनाई टीम

छत्तीसगढ़ के कवर्धा और सुकमा जिलों में हाल ही में हुई हत्या और आगजनी की घटनाओं की जांच के लिए कांग्रेस पार्टी ने विशेष टीमों का गठन किया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) के अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देश पर दोनों मामलों के लिए छह-छह सदस्यीय जांच टीम बनाई गई है।

इन जांच टीमों को घटनास्थल पर जाकर पूरी स्थिति की जांच करने और एक हफ्ते के भीतर अपनी रिपोर्ट पीसीसी को सौंपने का निर्देश दिया गया है।

कवर्धा मामले की जांच टीम
कवर्धा जिले के लोहारीडीह गांव में एक युवक की लाश पेड़ से लटकी मिली थी, जिसके बाद ग्रामीणों ने एक परिवार के चार लोगों को बंधक बनाकर उनके घर में आग लगा दी। इस मामले की जांच के लिए डोंगरगढ़ विधायक दलेश्वर साहू को टीम का संयोजक बनाया गया है। टीम में विधायक भोलाराम साहू, इंद्र शाह मांडवी, यशोदा वर्मा, संदीप साहू और कवर्धा जिला अध्यक्ष होरी राम साहू शामिल हैं।

सुकमा मामले की जांच टीम
सुकमा जिले में जादू-टोने के शक में एक परिवार के पांच लोगों की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। यह घटना कोंटा के मुरलीगुड़ा कैंप के पास इटकल गांव की है। इस मामले की जांच के लिए बस्तर विधायक लखेश्वर बघेल को संयोजक बनाया गया है। उनके साथ विधायक कवासी लखमा, विक्रम मांडवी, पूर्व विधायक रेखचंद जैन, पीसीसी सचिव दुर्गेश राय और सुकमा जिला अध्यक्ष माहेश्वरी बघेल सदस्य हैं।

दोनों जांच टीमें घटना से जुड़े सभी तथ्यों की गहन जांच करेंगी और ग्रामीणों से बात करके मामले की सच्चाई सामने लाने की कोशिश करेंगी।