4thnation

अब बच्चे चोरी को लेकर रायपुर में हंगामा, एक महिला को भीड़ ने पकड़ा, पुलिस ने कहा अफवाहों से रहे सावधान

Picsart 22 10 08 01 58 06 605
छत्तीसगढ़ में वायरल हो रहा फर्जी मैसेज

रायपुर (छत्तीसगढ़)। प्रदेश के कई हिस्सों में बच्चा चोर गिराेह सक्रिय होने की अफवाह तेजी से फैल रही है। भिलाई में इसी शक में भीड़ ने साधुओं पर जानलेवा हमला कर दिया था। बाद में मामला जबरिया वसूली का सामने आया था। अब शुक्रवार की दोपहर रायपुर के गोलबाजार थाना क्षेत्र में यह मामला गर्म नजर आया। यहां एक महिला को भीड़ बच्चा चोर बताकर ले आई है। रायपुर के एसएसपी प्रशांत अग्रवाल ने सभी थानों को चौकन्ना रहने का अलर्ट दिया है। इस तरह की अफवाहों के बारे में भी उन्होंने जानकारी दी है।

जानकारी के मुताबिक एक महिला कुछ बच्चों को लेकर बाजार में घूम रही थी। लोगों को शक हुआ तो महिला को घेर लिया। महिला के साथ दिख रहे बच्चें महिला से मेल नहीं खा रहे थे। बाजार में मौजूद लोगों को लगा कि ये उसकी रिश्तेदार तो नहीं हो सकती, महिला को भीड़ ने पकड़ लिया। बाजार में हंगामा मचा, फौरन पुलिस को खबर दी गई, पुलिस महिला को बच्चों समेत थाने लेकर आई।

मीडिया को दी जानकारी में गोलबाजार थाने के प्रभारी सुदर्शन ध्रुव ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली कि एक महिला 10 से 12 बच्चों को साथ लेकर कहीं जा रही है । भीड़ ने बच्चा चोरी के संदेह पर उसे घेरा गया था। महिला को थाने लाकर पूछताछ की गई तो महिला ने एसओएस का कार्ड दिखाया और बताया कि वह माना से बच्चों को कपड़े खरीदारी करने के लिए लेकर आई थीं। एसओएस माना के उच्च अधिकारियों को बुलाकर के थाने में जानकारी ली जा रही है।

बता दें कि प्रदेश में कुछ लोगों की तस्वीर लगाकर एक पोस्टर वायरल किया जा रहा है। मैसेज में दावा किया जा रहा है कि वो लोग हैं जो छत्तीसगढ़ में बच्चा चोरी करने आए हैं। साथ में सीएम की फोटो लगाकर इस मैसेज को सरकारी टच देने की कोशिश की गई है। रायपुर के एसएसपी प्रशांत अग्रवाल ने इस तरह के मैसेज को फर्जी बताया है। उन्होंने कहा है कि ऐसा कोई मैसेज जारी नहीं किया गया है। ना ही प्रदेश में इस तरह के किसी गिरोह के होने की जानकारी है। मैसेज वायरल करने वालों के खिालाफ पुलिस केस दर्ज कर रही है।

प्रदेश के अलग-अलग जगहों पर मारपीट की घटनाएं हुई हैं। पुलिस से सामने आई जानकारी के मुताबिक कई जगहों पर बाहर के प्रदेशों से भिखारी, बंजारे और साधू के वेष में रहने वाले लोग आए हैं। ये ऐसे मौकों पर अलग-अलग जगह जाकर गुजर बसर करते हैं। भीड़ का यही शिकार बन रहे हैं।
एसएसपी प्रशांत अग्रवाल ने बताया कि बच्चा चोर गिरोह घूम रहा है ऐसी बात लिखकर कुछ पॉम्पलेट भी व्हाट्सएप ग्रुप में सर्कुलेट हो रहे हैं जिससे पुलिस की ओर से जारी करना बताया जा रहा है जबकि ऐसा नहीं है। दुर्ग में इसको लेकर एक मामला दर्ज हुआ है जिसमें आरोपी गिरफ्तार है। पुलिस ने लोगों से इस तरह के अफवाहों पर भरोसा ना करने की अपील की है। यदि कहीं किसी नागरिक को किसी पर संदेह होता है तो किसी प्रकार की मारपीट ना करें बल्कि पुलिस को खबर करें, जिसकी जांच तत्काल की जाएगी।