Skip to main content

4thnation

दुर्ग जिला न्यायालय में ‘‘ई-साक्ष्य’’ विषय पर कार्यशाला सम्पन्न, न्यायिक प्रक्रिया में तकनीक के महत्व पर जोर

दुर्ग, 23 अगस्त 2025।
जिला एवं सत्र न्यायालय दुर्ग में शनिवार को ’’ई-साक्ष्य’’ विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का आयोजन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण दुर्ग के सहयोग से किया गया, जिसमें न्यायाधीशगण, अभियोजन अधिकारीगण एवं पुलिस अधिकारीगण ने सक्रिय रूप से भाग लिया।

कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य न्यायिक प्रक्रिया में डिजिटल साक्ष्यों के प्रभावी उपयोग और उनकी वैधानिक स्वीकृति को समझना था। विशेषज्ञ वक्ताओं ने ई-साक्ष्य के संकलन, संरक्षण, प्रस्तुतीकरण और उसकी प्रमाणिकता पर विस्तार से मार्गदर्शन प्रदान किया।

अपने संबोधन में विशेषज्ञों ने कहा कि आज के डिजिटल युग में न्याय व्यवस्था की पारदर्शिता और दक्षता बढ़ाने के लिए तकनीकी साक्ष्यों का उचित प्रयोग अत्यंत आवश्यक है। यदि न्यायाधीश, अभियोजन अधिकारी और पुलिस मिलकर ई-साक्ष्य का सही उपयोग करें तो न्यायिक प्रक्रिया और भी मजबूत होगी और पीड़ित पक्ष को त्वरित न्याय मिल सकेगा।

अभियोजन अधिकारियों एवं पुलिस अधिकारियों ने भी इस कार्यशाला को बेहद उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे उनकी कार्यकुशलता में वृद्धि होगी और ई-साक्ष्य के प्रति व्यावहारिक दृष्टिकोण विकसित होगा। प्रतिभागियों ने माना कि ऐसी कार्यशालाएँ न्यायिक प्रणाली को तकनीकी बदलावों के अनुरूप ढालने में मील का पत्थर साबित होंगी।